जयपुर। आल इण्डिया एससी/एसटी रेलवे एम्पलाईज एसोसिएशन, उत्तर पश्चिम रेलवे का जोनल वार्षिक अधिवेशन रेलवे स्टेडियम, बीकानेर में आयोजित हुआ जिसमें उत्तर पश्चिम रेलवे के समस्त मण्डल, कारखाना, शाखाओं से हज़ारों डेलिगेट्स ने भाग लिया।
अर्जुन राम मेघवाल विधि व न्याय राज्य मन्त्री (स्वतंत्र प्रभार) व् संसदीय कार्य राज्यमंत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया व प्रदीप कुमार सिंह, माननीय प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी ने अतिथि विशेष के रूप में भाग लिया। अधिवेशन की अध्यक्षता बी एल बैरवा, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की तथा रुपेश कुमार अपर मंडल रेल प्रबंधक व विकास अग्रवाल मुख्य कारखाना प्रबंधक ने विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया।
उक्त जोनल वार्षिक अधिवेशन में एसोसिएशन की केंद्रीय कार्यकारिणी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व पूर्वी रेलवे के जोनल अध्यक्ष प्रेम चंद मुर्मू व अतिरिक्त महासचिव व दक्षिण पश्चिम रेलवे के जोनल सचिव एम् मोहन सहित अन्य जोनल रेलवे व उत्पादन इकाइयों के जोनल अध्यक्ष व जोनल सचिव ने भाग लेकर डेलीगेट्स को सम्बोधित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अर्जुन राम मेघवाल ने उपस्थित विशाल जन समूह को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलवाई व कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने देश को सशक्त संविधान दिया, जो 75 वर्ष बाद भी देश को एक सूत्र में पिरोए हुए है। उन्होंने कहा कि हमें ऐसे महापुरुषों के प्रति कृतज्ञ होना चाहिए। मेघवाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के लिए अंग्रेजों को ललकारा। आदिवासी समाज उन्हें भगवान के रूप में पूजता है। उन्होंने कहा कि आज एसोसिएशन ने बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर के साथ भगवन बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि कर जनजाति गौरव दिवस मनाया है यह एक अनुकरणीय कदम है।
मेघवाल ने कहा कि पूर्व में 26 नवम्बर को कानून दिवस के रूप में मनाया जाता था लेकिन माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से वर्ष 2015 में यह संविधान दिवस घोषित हुआ। यह संविधान निर्माण करने वाली महान आत्माओं के प्रति श्रद्धा के भाव जगाता है। उन्होंने संविधान एवं इससे जुड़े विभिन्न प्रावधानों के बारे में बताया।
मेघवाल ने कहा कि भारत को विकसित बनाने की दिशा में रेलवे का महत्वपूर्ण योगदान है। केंद्र सरकार द्वारा रेलवे में आधारभूत सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि रेलवे कार्मिकों की प्रत्येक वाजिब मांग और समस्या का समयबद्ध समाधान करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी का एसोसिएशन के साथ अपनत्व का भाव है अतः एसोसिएशन द्वारा उठाये गए समस्त मामलों पर उनके साथ चर्चा कर शीघ्र निपटारा करवाया जायेगा। उन्होंने एसोसियशन के साढ़े तीन लाख कार्मिकों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने संविधान से जुड़ा एक गीत भी प्रस्तुत किया।
ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे एम्पलाइज एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बीएल बैरवा ने एसोसिएशन के कार्यों और गतिविधियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जबसे 26 नवम्बर को संविधान दिवस घोषित किया है एसोसिएशन प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय अधिवेशन या जोनल अधिवेशन के रूप में संविधान दिवस मनाती आ रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष केंद्र सरकार के द्वारा भगवन बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाने के आदेश दिए हैं तथा एसोसिएशन ने भी प्रत्येक स्तर पर जनजाति गौरव दिवस को व्यापक रूप से मनाया है और आज इस जोनल वार्षिक अधिवेशन के आयोजन का उद्देश्य भी यही है। उन्होंने इस अवसर पर बाबा साहेब और भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व और कृतित्व से जुड़े तथ्य रखे तथा उनके द्वारा बताये गए मार्ग पर चलकर देश व समाज की सेवा करने का आव्हान किया।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री मेघवाल सहित अन्य अतिथियों ने बाबा साहेब और भगवान बिरसा मुंडा के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की। अधिवेशन में आये हुए अतिथियों को बुके, माला, शॉल, भीम पट्टा व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
देश को विकसित बनाने की राह में रेलवे का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण- मेघवाल
