जयपुर। श्री बालाजी शिक्षा समिति, जयपुर द्वारा आयोजित वार्षिकोत्सव “मंथन 2K25” का चौथा दिन ऊर्जा, उत्साह और नवाचार से परिपूर्ण रहा। सुबह की शुरुआत जोश से भरे मैराथन 2K25 से हुई, जिसका शुभारंभ अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित भारतीय पैरा एथलीट संदीप सिंह मान ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ में सैकड़ों प्रतिभागियों ने भाग लिया और अपनी फिटनेस तथा खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में आयुष, युवराज और आदित्य ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किए, जबकि महिला वर्ग में नेहा कुमारी, शिवानी शर्मा और दिव्या कंवर विजेता रहीं।

इस मौके पर श्री बालाजी शिक्षा समिति के अध्यक्ष इंजीनियर भागीरथ पूनिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्फूर्ति का प्रतीक हैं, बल्कि अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के विकास का माध्यम भी हैं। खेल भावना के इस माहौल में परिसर तकनीकी नवाचार का केंद्र बन गया जब 24 घंटे का हैकाथॉन “Byte Brawl 2.0” प्रारंभ हुआ। इसमें 10 टीमों ने भाग लिया और अपनी तकनीकी दक्षता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस प्रतिस्पर्धा में टीम ZERO (SBCE&T) ने प्रथम, टीम BNC (SBPGM) ने द्वितीय और टीम NBC (SBPGM) ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी नवाचारी सोच का परिचय दिया। रचनात्मकता का रंग बिखेरते हुए कला और डिजाइन के मंच पर आयोजित टी-शर्ट पेंटिंग तथा स्किल शो केस प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति और कला कौशल से सभी को प्रभावित किया।

इस प्रतियोगिता में आकाशदीप कौर, आकांक्षा कुमारी, पुष्पा भाटी और प्रियंका भंवरिया ने शानदार प्रदर्शन कर पुरस्कार जीते। इसी क्रम में आयोजित विज्ञान प्रोजेक्ट प्रदर्शनी ने कार्यक्रम को एक नया आयाम दिया। इस प्रदर्शनी में 23 विद्यालयों और कॉलेजों के छात्रों द्वारा 101 प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए गए, जिनमें ड्रोन, रोबोटिक आर्म, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, चंद्रयान–3 मॉडल और मेडिसिन डिस्पेंसिंग मशीन जैसे अत्याधुनिक प्रोजेक्ट्स शामिल थे। छात्रों के इन प्रयासों ने यह स्पष्ट किया कि नई पीढ़ी न केवल रचनात्मक सोच रखती है बल्कि तकनीकी नवाचार में भी अग्रणी भूमिका निभाने को तैयार है। दिन के उत्तरार्ध में आयोजित ओपन माइक–टैलेंट एक्सप्रेशन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का खुला मंच दिया।

इस प्रतियोगिता में सचिन कुमार ने प्रथम और हर्षिता गुप्ता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। साहित्यिक प्रतियोगिता “Ink Imagination” में हर्षित पटेल और अंकित बैरवा ने अपनी लेखनी से सभी का ध्यान आकर्षित किया। मंथन 2K25 एक ऐसा संगम साबित हुआ जिसमें खेल, तकनीक, कला और साहित्य — सभी ने अपनी चमक बिखेरी।
इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और नवाचार की दिशा में अग्रसर होने का सशक्त अवसर प्रदान किया। यह दिन न केवल कॉलेज के लिए बल्कि सभी प्रतिभागियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव के रूप में याद रखा जाएगा।
