जयपुर। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, जयपुर ने दक्षिण-पश्चिमी कमान मुख्यालय के सहयोग से आज जयपुर छावनी क्षेत्र में ‘भारतीय सेना के कार्मिको एवं उनके परिवार-जनों’ को पासपोर्ट सेवाएँ प्रदान करने हेतु “संपर्क/SAMPARK” अभियान का शुभारम्भ किया । क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी विपुल देव ने हरी झंडी दिखाकर ‘मोबाइल पासपोर्ट वैन’ को झालाना स्थित कार्यालय से रवाना किया। दक्षिण-पश्चिमी कमान की ओर से अभियान के समन्वयक ब्रिगेडियर राहुल भटनागर ने जयपुर छावनी मे वेन का फीता काटकर पासपोर्ट सेवाओं का शुभारंभ किया ब्रिगेडियर राहुल भटनागर ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्तमान में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त सेना कार्मिकों एवं उनके परिवार-जनों के लिए पासपोर्ट वैन’ के माध्यम से उनके पास पहुँचकर पासपोर्ट सुविधा प्रदान करना है।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी विपुल देव ने बताया कि अभियान ‘संपर्क’ के प्रथम चरण का 28 जुलाई से 1 अगस्त 2025 तक चलेगा। उन्होने बताया कि पासपोर्ट सेवा परियोजना (पीएसपी) भारत सरकार की ओर से देश के नागरिकों को त्वरित एवं पारदर्शी पासपोर्ट सबंधी सुविधाए प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी के अतर्गत विदेश मंत्रालय द्वारा देश के विभिन्न पासपोर्ट कार्यालयों के अतर्गत ‘मोबाइल पासपोर्ट सेवा वैन’ की व्यवस्था की गई है, जिसका उद्देश्य आवश्यकतानुसार विभिन्न स्थानों पर पासपोर्ट सुविधा प्रदान करना है। मोबाइल वैन के संचालन द्वारा क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, जयपुर के क्षेत्राधिकार में सभी नागरिकों को मोबाइल पासपोर्ट वैन सुविधा’ प्रदान की जा रही है।
उन्होने बताया कि ‘मोबाइल पासपोर्ट सेवा वैन’ कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, जयपुर में मार्च, 2024 में की गई थी तब से अब तक विभिन्न स्थानों जैसे अजमेर, ‘कौटिल्य इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग, सीतापुरा, जयपुर’ और उप जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय (SDM Office), चौमू, आदि जगहों पर पासपोर्ट वैन भेजकर वहाँ के इच्छुक नागरिकों को पासपोर्ट बनवाने की सुविधा उपलब्ध करवाई जा चुकी है। श्री देव ने बताया कि यदि कोई संस्थान विशेष भी ‘मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा का लाभ उठाना चाहता है तो पासपोर्ट कार्यालय जयपुर की ईमेल rpo.jaipur@mea.gov.in पर पासपोर्ट कार्यालय के विचारार्थ निवेदन प्रेषित कर सकते हैं।
