RMT News | वडोदरा | 10 जुलाई 2025
गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार 9 जुलाई 2025 सुबह हुए ब्रिज हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि तीन लोग अब भी लापता हैं। गुरुवार को राहत कार्य के दूसरे दिन चार और शव नदी से बरामद किए गए। हादसा उस समय हुआ जब गम्भीरा नदी पर बना एक पुल का हिस्सा अचानक ढह गया और कई वाहन नदी में जा गिरे।
घटना बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे पदरा कस्बे के पास हुई, जहां पुल का लगभग 10 से 15 मीटर लंबा स्लैब टूटकर महिसागर नदी में गिर गया। इसके कारण कई वाहन — जिनमें एक कार, एक मिनी ट्रक और एक केमिकल टैंकर शामिल था — नदी में समा गए।

जिलाधिकारी अनिल धमेलिया के अनुसार, “अब तक 15 शव बरामद किए जा चुके हैं, तीन व्यक्ति लापता हैं और उनकी तलाश जारी है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें 4 किलोमीटर तक नदी में तलाशी अभियान चला रही हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि कुछ वाहनों में कितने लोग सवार थे, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है, जिससे सर्च ऑपरेशन और चुनौतीपूर्ण हो गया है।

बारिश और नदी में जमा मोटी कीचड़ की वजह से मशीनों का उपयोग संभव नहीं हो पा रहा है। प्रशासन ने नदी के मध्य तक पहुंचने के लिए एक अस्थायी पुल बनाने का कार्य शुरू किया है। मौके पर फायर ब्रिगेड, पुलिस, जिला प्रशासन और तकनीकी विशेषज्ञ लगातार निगरानी में हैं।
राज्य सरकार के निर्देश पर सड़क एवं भवन विभाग की एक उच्च स्तरीय तकनीकी टीम जांच में जुटी है। साथ ही, गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने घटनास्थल पर मौजूद केमिकल टैंकर की स्थिति का निरीक्षण कर संभावित पर्यावरणीय जोखिमों का आकलन किया है।

हादसे के कारण पुल के जर्जर होने को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह पुल वर्ष 1985 में बना था और इसकी अनुमानित आयु 100 वर्ष थी। हालांकि, स्थानीय नागरिकों ने पुल की स्थिति को लेकर पहले भी चिंता जताई थी।
— RMT News
