आमजन की सुविधा के लिए जेडीए वर्षा जनित समस्याओं के समाधान हेतु प्रतिबद्ध
जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण वर्षा के दौरान उत्पन्न हो रही समस्याओं—विशेषतः सड़कों की क्षति और जलभराव—के निस्तारण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। आमजन की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जेडीए द्वारा शहरभर में पेच रिपेयर कार्य व जलनिकासी की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जयपुर विकास आयुक्त आनंदी ने बताया कि हाल की भारी वर्षा के कारण कई प्रमुख सड़कों पर आमजन को आवागमन में हो रही कठिनाइयों को देखते हुए, जेडीए ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्र में पेच रिपेयर कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
जेडीए की प्राथमिकता शहरवासियों को बेहतर सड़कें उपलब्ध कराना है। पेच रिपेयर कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके। जेडीए के विभिन्न जोनों के अधिशासी अभियंताओं द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में जीएसबी, डब्ल्यूबीएम, मिट्टी के कट्टों के साथ-साथ कोल्ड मिक्स पद्धति का उपयोग कर पेच रिपेयर कार्य लगातार करवाया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, सीवर लाइन, पीएचईडी बीसलपुर पाइप लाइन, टॉरेंट गैस लाइन और ड्रेनेज की खुदाई के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों पर भी प्राथमिकता से पेच रिपेयर कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के अंतर्गत न केवल मुख्य सड़कें, बल्कि वे सड़कें भी शामिल हैं जो वर्षा से अधिक प्रभावित हुई हैं। जेडीए आमजन से अपील करता है कि वे इस दौरान धैर्य रखें और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
जेडीए द्वारा सभी कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुसार किए जा रहे हैं और मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने हेतु प्राधिकरण प्रतिबद्ध है। सड़कों की मरम्मत के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था जेडीए द्वारा पहले ही की जा चुकी है। भविष्य में ऐसी समस्याओं से निपटने के लिए एक दीर्घकालिक योजना भी तैयार की जा रही है।
जलभराव की समस्या पर जेडीए की पहल
पिछले मानसून के दौरान जयपुर में विभिन्न स्थानों पर होने वाले जलभराव और वर्षा जनित समस्याओं से निजात पाने के लिए जेडीए ने कई क्षेत्रों में पिछले वर्ष ही कार्य शुरू कर दिए थे, जिससे इस वर्ष कुछ स्थानों पर आमजन ने राहत मिली है। कुछ अन्य स्थानों पर अगले मानसून में और राहत दिये जाने हेतु निरंतर प्रयास किये जा रहे है।
सीकर रोड पर ड्रेन के कार्य से इस वर्ष आमजन को काफी राहत मिली है।
सिरसी रोड पर सी-जोन बाईपास से भी ड्रेन का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे अगले मानसून में आमजन को राहत मिलेगी।
गिरधारीपुरा कच्ची बस्ती में पिछले 20 वर्षों से जलभराव की समस्या से जूझ रहे आमजन के लिए, जेडीए ने पंपिंग स्टेशन के माध्यम से पानी को लिफ्ट कर सीवर लाइन के जरिए एसटीपी तक पहुंचाने के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। आने वो वर्ष में स्थानीय निवासियों एवं आमजन को इसका लाभ होगा।
पिछले वर्ष नंदपुरी अंडरपास, एयरपोर्ट टर्मिनल-2, जयसिंहपुरा, बजरी मंडी, विद्याधरनगर, लूनियावास सहित अन्य जलभराव वाले क्षेत्रों में कार्य शुरू कर दिए गए हैं, जिनमें कुछ स्थानों पर त्वरित और कुछ पर दीर्घकालिक प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका असर इस वर्ष भी नजर आ रहा है और जल भराव से , ट्रैफिक बाधित होने की समस्या में कुछ राहत मिली है.
बाढ़ नियंत्रण हेतु मजबूत व्यवस्था
इस वर्ष आमजन को त्वरित राहत देने के लिए आठ स्थानों पर उप-बाढ़ नियंत्रण केंद्र बनाए गए हैं, जो पहले बनीपार्क में एक मुख्य केंद्र और तीन उप-केंद्रों तक सीमित थे। इसके अतिरिक्त, कोल्ड मिक्स मैटेरियल का उपयोग कर पेच कार्य किए जा रहे हैं और शीघ्र ही रोड एम्बुलेंस द्वारा भी पेच रिपेयर कार्य शुरू किए जाएंगे। जेेडीए द्वारा बाढ नियंत्रण केंद्रों पर आमजन से शिकायत प्राप्त होते ही तुंरत निस्तारण किया जा रहा है। जेडीए का प्रयास है कि आमजन की प्रत्येक शिकायत का निस्तारण किया जा सके।
जेडीए का यह प्रयास शहरवासियों के लिए राहत देने वाला सिद्ध हो रहा है और जयपुर की सड़कों की स्थिति में सुधार से आमजन को बेहतर सुविधाएं मुहैया हो रही है। जेडीए आम नागरिकों से अपील करता है कि कार्य के दौरान धैर्य बनाए रखें और आवश्यकता अनुसार वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। जेडीए द्वारा सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किए जा रहे हैं और इन कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने हेतु सतत प्रयास जारी हैं।
