जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर जयपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राजस्थान में डबल इंजन सरकार की ताकत, नीति निर्धारण के महत्व और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की योजनाओं की सराहना की।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती पर आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन को संबोधित किया। कार्यक्रम में राज्य की नारी शक्ति को विभिन्न योजनाओं के तहत कई सौगातें दी गई।
राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में आयोजित कार्यक्रम में नड्डा ने कहा कि डेवलपमेंट के लिए नीति निर्धारक बहुत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि डेवलपमेंट के लिए नीति निर्धारक बहुत अहम होता है, ये भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री के पद पर बैठाना ये विषय नहीं है, विषय ये है कि इस विचारधारा के एक सिपाही को बैठाना जहां मोदी जी के नेतृत्व में उनकी टीम राजस्थान की सेवा कर रही है।

उन्होंने कहा कि उजाले का महत्व तभी समझ आता है जब अंधकार की त्रासदी देखी हो। अंधकार की त्रासदी आप देखकर झेलकर आए हैं और अब आप उजाले में है तो इस उजाले को आप संभाल कर रखिए।
जेपी नड्डा ने भजनलाल शर्मा की योजनाओं को देश में मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए राजस्थान सरकार की योजनाएं अनुकरणीय हैं। गर्भ की पाठशाला जैसे कार्यक्रम समाज को बदलने वाले हैं। उन्होंने अहिल्याबाई होल्कर की जन्म जयंती के अवसर पर उनके शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के प्रयासों को याद किया और कहा कि राजस्थान सरकार उसी दिशा में काम कर रही है।
