जयपुर शहर के 176 परीक्षा केन्द्रों पर दो पारियों में आयोजित होगी परीक्षा
जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा 12 अप्रैल 2025 को प्रहरी सीधी भर्ती परीक्षा-2024 का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा का आयोजन जयपुर शहर के 176 केन्द्रों पर होगा। दो पारियों में (प्रथम पारी प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे एवं द्वितीय पारी दोपहर 3 बजे से सांय 5 बजे तक) आयोजित होने वाली परीक्षा में कुल 61 हजार 968 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (पूर्व) गोपाल सिंह शेखावत ने बताया कि परीक्षा के सुचारू एवं सफल संचालन के लिये कलक्ट्रेट के कमरा नम्बर 116 में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है जिसका संचालन 10 अप्रैल से 12 अप्रैल 2025 तक किया जाएगा। नियंत्रण कक्ष 10 अप्रैल एवं 11 अप्रैल 2025 तक प्रातः 10 बजे से सांय 6 बजे तक कार्य करेगा। वहीं, 12 अप्रैल को प्रातः 7 बजे से परीक्षा समाप्ति उपरान्त नियंत्रण कक्ष से संबंधित समस्त कार्य पूर्ण होने तक कार्य करेगा। परीक्षा के लिए कुल दो पारियों में 92 उप समन्वयक एवं 31 उड़नदस्तों का तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि जयपुर स्थित परीक्षा केन्द्रों के लिए नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 0141-2206699 रहेगा। उक्त नियंत्रण कक्ष पर जयपुर में स्थापित किये गए परीक्षा केन्द्रों से संबंधित जानकारियां प्रदान की जाएंगी एवं जयपुर स्थित परीक्षा केन्दों से संबंधित शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि परीक्षा के आयोजन के लिए पुलिस, नगर निगम, यातायात पुलिस, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, नागरिक सुरक्षा विभाग, विद्युत विभाग, रोडवेज, जेसीटीसीएल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई है।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा 12 अप्रैल को किया जाएगा परीक्षा का आयोजन
