जयपुर। निजी कंपनी को कथित तौर पर फायदा पहुंचाने और उससे कम कीमत पर 64 विला खरीदने के आरोपों से घिरे वरिष्ठ IAS अधिकारी शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से शनिवार को राहत नहीं मिली। जस्टिस जॉयमाला बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने उनकी विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) पर सुनवाई करते हुए मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। साथ ही राजस्थान हाईकोर्ट को प्रकरण की शीघ्र सुनवाई करने के निर्देश दिए।
शिखर अग्रवाल ने राजस्थान हाईकोर्ट से अंतरिम राहत नहीं मिलने के बाद सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। हाईकोर्ट ने 19 नवंबर को मामले की सुनवाई करते हुए राज्य सरकार और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। हालांकि, कोर्ट ने एसीबी की जांच पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। मामले की अगली सुनवाई 18 दिसंबर को निर्धारित की गई थी।
सुप्रीम कोर्ट में शिखर अग्रवाल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी ने पैरवी की। उन्होंने दलील दी कि याचिकाकर्ता के खिलाफ बिना सुनवाई का अवसर दिए जांच की अनुमति दी गई, जबकि उस समय वे देश में मौजूद नहीं थे। उन्होंने कहा कि शिखर अग्रवाल वरिष्ठ IAS अधिकारी हैं और उनका करियर बेदाग रहा है। उन्होंने जो भी विला खरीदे हैं, उनकी जानकारी स्वयं संबंधित विभाग को दी है और आयकर रिटर्न में भी उनका उल्लेख किया गया है।
रोहतगी ने अदालत से आग्रह किया कि मामले में अंतिम निर्णय होने तक उनके खिलाफ किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी के खिलाफ पूरी कार्रवाई दुर्भावनापूर्ण तरीके से की गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल राहत देने से इनकार करते हुए शिखर अग्रवाल को अंतरिम राहत के लिए हाईकोर्ट में आवेदन पेश करने की छूट दी। पीठ ने हाईकोर्ट से अनुरोध किया कि मामले की जल्द सुनवाई की जाए और इसे किसी भी कारण से अनावश्यक रूप से स्थगित नहीं किया जाए।
अदालत ने दोनों पक्षों को हाईकोर्ट के समक्ष अपने सभी कानूनी मुद्दे और दलीलें रखने की स्वतंत्रता भी दी। वहीं, राज्य सरकार ने शिखर अग्रवाल को अंतरिम राहत देने का विरोध किया। सरकार की ओर से अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी, अतिरिक्त महाधिवक्ता शिव मंगल शर्मा और पद्मेश मिश्रा ने पक्ष रखा।
64 विला खरीद मामला : IAS शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं

