नई दिल्ली। IPL 2026 में पंजाब किंग्स को पहली हार मिली है। न्यू चंडीगढ़ में 223 रनों के विशाल लक्ष्य को हासिल करते हुए राजस्थान रॉयल्स की टीम ने PBKS के विजय रथ को रोक दिया है। RR की इस जीत में डॉनोवन फ़रेरा, यशस्वी जायसवाल और शुभम दुबे ने अहम भूमिका निभाई। RR के लिए यह उनके IPL इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज़ है। इस जीत के साथ वे अंकतालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए श्रेयस अय्यर की टीम ने 222 रनों का स्कोर बनाया था। इसमें प्रभसिमरन सिंह और मार्कस स्टोयनिस की अर्धशतकीय पारियां शामिल थीं। स्टोयनिस ने ब्रिजेश शर्मा के ख़िलाफ़ अंतिम ओवर में 24 रन बनाते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया था।
इस विशाल स्कोर लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने ठीक उसी अंदाज़ में शुरुआत की, जैसा वह लगातार करते आ रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने 3.1 ओवर में ही टीम का स्कोर 51 रन तक पहुंचा दिया था, लेकिन इसके बाद 16 गेंदों में 43 रन की पारी खेलने वाले सूर्यवंशी अर्शदीप की फुलटॉस गेंद पर आउट हो गए।
अपनी इस पारी के साथ वैभव IPL इतिहास के किसी एक सीज़न में सबसे तेज़ 400 रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं। उन्होंने 167 गेंदों में यह आंकड़ा छूकर नया बेंचमार्क सेट कर दिया। उनके बाद आंद्रे रसल ने 2019 में 188 गेंदों में यह कारनामा किया था।
नौवें ओवर तक RR की टीम 100 के आंकड़े को छू चुकी थी। लेकिन 10वें ओवर में युज़वेंद्र चहल की फुलटॉस गेंद पर फ़ॉर्म में चल रहे बल्लेबाज़ ध्रुव जुरेल ने लांग ऑन के फ़ील्डर को कैच थमा दिया। इसके बाद 12वें ओवर में यशस्वी भी अर्धशतक पूरा करने के बाद आउट हो गए। उन्होंने 27 गेंदों में 51 रन की पारी खेली।
इसके बाद 14वें ओवर में 151 के स्कोर पर जब रियान पराग का विकेट गिरा, तो ऐसा लगा कि पंजाब किंग्स की टीम ने अच्छी वापसी कर ली है। हालांकि, यह विकेट एक ऐसी काउंटर अटैक पारी का आगाज़ था, जिसकी अपेक्षा काफ़ी कम थी। आख़िरी 36 गेंदों में 72 रनों की ज़रूरत थी।
फ़रेरा और शुभम ने इस स्कोर का पीछा कुछ ऐसे अंदाज़ में किया, जो अद्भुत था। दोनों बल्लेबाज़ों ने पंजाब के प्रमुख तेज़ गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ लगातार रन बनाए और चार गेंदें शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। फ़रेरा ने 26 गेंदों में 52 रन की पारी खेली, जबकि शुभम ने 12 गेंदों में 31 रन बनाए।
वहीं पंजाब की बल्लेबाज़ी की बात करें, तो उन्हें पहला झटका तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर लगा, लेकिन तब तक उनका स्कोर 37 तक पहुंच चुका था। पहले विकेट के रूप में प्रियांश आर्या 11 गेंदों में 29 रन बनाकर जोफ़्रा आर्चर का शिकार बने।
इसके बाद कूपर कॉनली और प्रभसिमरन सिंह ने पारी को तेज़ी से आगे बढ़ाते हुए 59 रनों की साझेदारी की। नौवें ओवर तक उनकी टीम 100 के आंकड़े को पार कर चुकी थी। हालांकि, 10 से 15 ओवर के बीच सिर्फ़ 43 रन बने और दो विकेट गिरे। यह वह समय था, जब RR के गेंदबाज़ों ने अच्छी वापसी की। लेकिन स्टोयनिस ने 22 गेंदों में 62 रन बनाकर PBKS को अच्छे स्कोर तक पहुंचा दिया।
फ़रेरा, शुभम और यशस्वी ने पंजाब किंग्स के विजय रथ को रोका

