मुख्यमंत्री की पुष्कर के कड़ैल में ग्रामीणों के साथ चैपाल, गांव में ही रात्रि विश्राम
मुख्यमंत्री ने किसानों और युवाओं से किया संवाद
कृषक मित्र से किया संवाद, किसानों से जैविक खेती अपनाने की अपील की
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुष्कर के कड़ैल में ग्राम विकास चैपाल कार्यक्रम में किसानों एवं युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि किसान परंपरागत खेती से आगे बढ़कर आधुनिक एवं जैविक खेती को अपनाएं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो। वहीं, पशुपालन भी किसान की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि कृषि, डेयरी और सहकारिता क्षेत्र की मजबूती से हमारे गांव समृद्ध बनेंगे।
उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार किसानों को सम्मान निधि दे रही है। गेहूं खरीद पर 150 रुपये का बोनस भी दिया जा रहा है। प्रदेश में पशुपालकों को गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना एवं मंगला पशु बीमा योजना का लाभ मिल रहा है। पशुओं के इलाज के लिए मोबाइल यूनिट वैन की सुविधा उपलब्ध करवाई है। प्रदेश में दूध संकलन केन्द्रों की संख्या में वृद्धि की जा रही है। मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना में 5 रुपये प्रति लीटर का अनुदान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर आधुनिक खेती करें। हमारी सरकार कृषकों के लिए 23 से 25 मई तक ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट का आयोजन करने जा रही है। राज्य सरकार प्रदेश में सहकारिता को मजबूत बना रही है। नए पैक्स खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के जरिए जल संरक्षण की दिशा में ग्रामीण क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में बदलावों को अपनाना बेहद जरूरी है। इसलिए स्थानीय क्षेत्र की पैदावार के अनुसार ही प्रोसेसिंग यूनिट लगाने से किसान की आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी। किसानों को खेती के साथ ही फलदार वृक्ष लगाकर अपनी आमदनी में वृद्धि करनी चाहिए। साथ ही, इससे पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में हर वर्ग के विकास से ही खुशहाली आएगी। युवाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के लिए हमारी सरकार ऋण उपलब्ध करवा रही है। राइजिंग राजस्थान के एमओयू धरातल पर उतर रहे हैं। जिससे युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्याज भंडारण के लिए हमारी सरकार अनुदान दे रही है। जिसका लाभ उठाकर फसल की अच्छी कीमत प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार पारदर्शी भर्ती परीक्षाएं आयोजित कर रही है। कड़ैल गांव के ही 13 युवाओं को सरकारी पदों पर नियुक्तियां मिली हैं। वहीं, कुशल चैधरी ने आरएएस भर्ती परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त इस गांव का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने कबड्डी खिलाड़ी विजय सिंह को पदक जीतने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के पश्चात कड़ैल गांव के निवासी लादू मेघवाल के घर भोजन किया और उनके परिजनों से आत्मीय मुलाकात की।
इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चैधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, राज्य किसान आयोग अध्यक्ष सी.आर. चैधरी, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, विधायक अनिता भदेल, रामस्वरूप लांबा, शंकर सिंह रावत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का प्रगतिशील किसानों एवं युवाओं से संवाद
मैं पूर्ण रूप से जैविक खेती कर रहा हूं। मैंने कृषि विभाग की तारबंदी योजना, ड्रिप सिंचाई योजना का लाभ लिया है। किसान अच्छी पैदावार के लिए डीएपी और यूरिया के बिना खेती करें।
- किसान गिरधारी
मैंने ट्यूबवैल में पानी कम होने पर कृषि विभाग से संपर्क कर फव्वारा सिंचाई को अपनाया। जिससे मैं गुलाब की खेती कर अच्छी आमदनी प्राप्त कर रहा हूं। मुझे किसान सम्मान निधि का लाभ भी मिल रहा है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का धन्यवाद। - किसान छोटू सिंह
मैंने कृषि पर्यवेक्षक से संपर्क कर अपनी बोरवेल के लिए सोलर पंप लगवाया। जिससे मेरा बिजली का खर्च भी कम हुआ और अपनी सुविधा के अनुसार सिंचाई कर पा रहा हूं। - सोलर पंप लाभार्थी किसान अजीत सिंह
एसआईटी का गठन करने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद। इससे पारदर्शी भर्ती परीक्षाओं के प्रति हमारा विश्वास मजबूत बना है। - आरएएस टाॅपर कुशल चैधरी
मुख्यमंत्री ने युवाओं की पीड़ा को समझा। प्रदेश में आज भर्ती परीक्षाएं पारदर्शिता से आयोजित हो रही हैं। सहायक कर्मचारी भर्ती में हमारा चयन हुआ है। इसके लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद। - मोनिका, शक्ति, कुलदीप


