जयपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा साहब का संकल्प है कि वीरों की भूमि राजस्थान प्रदेश अपनी ऐतिहासिकता और पर्यटन के क्षेत्र में ख्याति के साथ-साथ अब स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत देशभर में एक स्वच्छ सुंदर राज्य के रूप में जाना पहचाना जाए, जिसके लिए अधिकारियों और कर्मचारी की कार्य कुशलता के साथ आम जनता की भागीदारी होनी चाहिए।यह उद्गार प्रदेश स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के के गुप्ता ने गुरुवार को नगर निगम जयपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में व्यक्त किए।
बैठक को संबोधित करते हुए स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर गुप्ता ने कहा कि प्रदेश की राजधानी जयपुर शहर जोकि गुलाबी नगरी और प्रमुख पर्यटन नगरी के रूप में देश और विदेश में ख्याति प्राप्त है, यह जयपुर नगर आने वाले समय में “स्वच्छता की नगरी” के नाम से जाना पहचाना जाएगा।
गुप्ता ने बताया कि राजस्थान सरकार प्रदेशभर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा शहरों और गांवों को साफ-सुथरा, सुंदर और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों को नई गति देने में जुटी हुई है। मुख्यमंत्री महोदय स्वयं इस अभियान की प्रगति की लगातार समीक्षा कर रहे हैं और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि स्वच्छता कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य, पर्यटन, पर्यावरण और विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। राज्य सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आधुनिक मशीनों, सफाई वाहनों तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाई जा रही है। कई नगर निकायों में सड़क सफाई मशीनें, कचरा संकलन वाहन, सीवर सफाई मशीनें तथा आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि सफाई कार्य तेजी और गुणवत्ता के साथ संपन्न हो सके। मुख्यमंत्री महोदय की गंभीरता और सतत निगरानी के चलते प्रदेश में स्वच्छ भारत मिशन को नई दिशा मिल रही है। आने वाले समय में राजस्थान के शहर और गांव स्वच्छता के नए मानक स्थापित करेंगे, जिससे प्रदेश देशभर में आदर्श राज्य के रूप में उभरेगा।
नगर निगम आयुक्त के नेतृत्व में बना एक नया रिकॉर्ड, अन्य निकाय भी प्रेरणा प्राप्त करें
स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर गुप्ता ने जयपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कसेरा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में जयपुर शहर ने स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में अव्वल स्थान प्राप्त करने की दिशा में सकारात्मक कदम बढ़ाते हुए सफाई सेवा मैराथन 2026 का आयोजन पिछले दिनों एक नवाचार के रूप में किया गया। जयपुर शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए शुरू किया गया यह एक अति महत्वपूर्ण अभियान है। नगर निगम का यह मेगा अभियान सुबह 7 बजे से शुरू होकर रात 9 बजे तक चला जिसमे लगातार 14 घंटों तक चलने वाले इस सफाई महाकुंभ की खास बिन्दू जयपुर के सभी 13 जोन और 150 वार्डों में एक साथ सफाई अभियान चलाया गया। निगम आयुक्त कसेरा के नेतृत्व में अधिकारियों से लेकर फील्ड स्टाफ तक की पूरी टीम सड़कों और गलियों में मुस्तैद रही और पूरे जयपुर शहर से लगभग 6 हजार टन कचरा निस्तारित किया गया।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान प्रगति पथ की ओर अग्रसर है
बैठक के दौरान गुप्ता ने कहा कि राजस्थान राज्य में मुख्यमंत्री महोदय के नेतृत्व में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, जल, कृषि, उद्योग, पर्यटन और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप राजस्थान प्रगति पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। राज्य के शहरों से लेकर गांवों तक विकास योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंच रहा है और जनता में विश्वास का वातावरण मजबूत हुआ है।
प्रदेश की राजधानी जयपुर को गुलाबी नगरी और पर्यटन नगरी के साथ-साथ “स्वच्छता की नगरी” के नाम से भी जाना पहचाना जाएगा: के के गुप्ता


