अवैध मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त अपराधियों को अब अंधेरे में बितानी होगी रातें
जयपुर। बारां जिले में अवैध मादक पदार्थों के तस्करों और नशे के सौदागरों के खिलाफ जिला पुलिस ने एक बेहद अनूठा और कड़ा रुख अख्तियार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के निर्देशन में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए पुलिस और विद्युत विभाग ने संयुक्त रूप से लंबे समय से एनडीपीएस पदार्थों की तस्करी में लिप्त छबड़ा वृत्त के 12 शातिर तस्करों को चिन्हित कर उनके घरों व दुकानों के बिजली कनेक्शन पूरी तरह काट दिए गए हैं। इसके साथ ही बिजली चोरी और नियमों की अवहेलना करने पर विद्युत विभाग ने इन तस्करों पर करीब 04 लाख रुपये का भारी जुर्माना भी लगाया है।
पुलिस अधीक्षक अंदासु ने बताया कि वृत्त छबड़ा के थानाधिकारियों द्वारा चिन्हित किए गए तस्करों के घरों के संबंध में खुफिया इनपुट मिला था कि ये अपराधी अपने परिसरों में विद्युत नियमों की सरेआम अवहेलना कर रहे हैं। इस सूचना को तत्काल विद्युत विभाग के साथ साझा किया गया। इसके बाद विद्युत विभाग छबड़ा व छीपाबड़ौद की तकनीकी टीम और पुलिस वृत्त छबड़ा के चार थानों छबड़ा, छीपाबड़ौद, हरनावदाशाहजी व सारथल की संयुक्त टीमों ने तस्करों के ठिकानों पर एक साथ आकस्मिक निरीक्षण किया। मौके पर जांच करने पर पाया गया कि ये सभी मादक पदार्थ तस्कर अवैध रूप से बिजली की चोरी कर रहे थे, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उनके कनेक्शन काट दिए गए।
संयुक्त टीमों द्वारा की गई इस बड़ी कार्रवाई के तहत थाना छबड़ा क्षेत्र के तस्कर बलवीर उर्फ बल्लू सांसी निवासी गणपति नगर, राजाराम मीणा, अशोक मीणा, रामगोपाल मीणा और कल्लू उर्फ छोटूलाल मीणा निवासी गोविन्दपुरा के अवैध कनेक्शन काटे गए। इसी प्रकार थाना हरनावदाशाहजी क्षेत्र के तस्कर जगन्नाथ मीणा और उसके पुत्र दिनेश मीणा निवासी प्रेमपुरिया तथा थाना छीपाबड़ौद क्षेत्र के तस्कर घनश्याम मीणा निवासी हान्डीखोह हाल बसंत विहार), अनीता मीणा निवासी देवली अरब रोड, कोटा, किशोर कुमार मीणा और गुलाबचंद निवासी हान्डीखोह के घरों पर कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त थाना सारथल क्षेत्र के तस्कर बीरम लोधा और राहुल लोधा निवासी डोकरीखोह की हरनावदाशाहजी स्थित दुकानों व मकानों पर कार्रवाई कर विद्युत विभाग द्वारा नियमानुसार वीसीआर भरी गई।
तस्करों की अवैध और बेनामी संपत्तियों की कुर्की का संकल्प
इस उल्लेखनीय कार्रवाई के माध्यम से पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने मादक पदार्थ तस्करों और उनके सिंडिकेट को एक बेहद कड़ा व स्पष्ट संदेश दिया है। एसपी ने अपने संदेश में दोहराया कि बारां जिला पुलिस न केवल मादक पदार्थ तस्करों को जेल भेजेगी और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करेगी, बल्कि उनके और उनके मददगारों द्वारा अवैध काली कमाई से अर्जित की गई चल-अचल संपत्तियों को भी चिन्हित कर भविष्य में इसी प्रकार प्रभावी रूप से कुर्क करवाने की कार्रवाई जारी रखेगी।
नशा माफिया पर पुलिस व विद्युत विभाग का पावर कट: 12 बड़े तस्करों के काटे कनेक्शन, 4 लाख का जुर्माना


