जयपुर। राजधानी जयपुर के श्याम नगर इलाके में स्थित व्यस्त 200 फीट बाईपास पर मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे के 2 खौफनाक CCTV फुटेज सामने आये हैं। इन वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक बेकाबू और तेज रफ्तार ट्रॉला सड़क किनारे खड़े लोगों की तरफ बढ़ता है और पल भर में ही उन्हें रौंद डालता है। टक्कर इतनी भीषण थी कि वहां मौजूद परिवार को संभलने का एक सेकंड का मौका भी नहीं मिला और ट्रॉला मासूम बच्चों समेत पूरे परिवार को रौंदते हुए आगे निकल गया। जिसने भी यह मंजर देखा उसकी रूह कांप गई।
इस दिल दहला देने वाले एक्सीडेंट में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर अब 4 हो गया है, जिसमें 3 मासूम बच्चे भी शामिल हैं, वहीं 1 घायल महिला की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
सामने आए दोनों CCTV फुटेज को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है, जिससे साफ पता चलता है कि डंपर या ट्रॉला चालक बेहद लापरवाही से गाड़ी चला रहा था।
हादसे में परिवार के तीन मासूम बच्चों रमेश, रतन और दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि एक बच्चे का शव दूर नाले में जा गिरा, जबकि घटनास्थल पर खून और शवों के अवशेष बिखर गए। पुलिस ने शवों को एकत्र कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना में बच्चों की मां कैलाशी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर बताया जा रहा है और उनका उपचार एसएमएस अस्पताल में जारी है। वहीं पिता चंद्र प्रकाश को भी गंभीर घायल होने के बाद अस्पताल भेजा गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी जान चली गई। जानकारी के अनुसार कैलाशी के कुल पांच बच्चे हैं, जिनमें से तीन की इस हादसे में मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घर पर होने के कारण सुरक्षित बच गए।
जयपुर 200 फीट बाईपास पर दर्दनाक हादसा, 3 मासूम बच्चों समेत 4 की मौत

