नई दिल्ली। बारिश के चलते पांच-पांच ओवर के मुक़ाबले में तब्दील हुए भारत और जापान के बीच एकमात्र मुक़ाबले में भारत को जीत के लिए अंतिम गेंद का इंतज़ार करना पड़ा। 33 के लक्ष्य का पीछा कर रही जापान की टीम को अंतिम ओवर में जीत के लिए आठ और अंतिम गेंद पर जीत के लिए चार रनों की दरकार थी लेकिन अक्षर पटेल ने शिराई-पैटमोर को बड़ा शॉट खेलने से रोक दिया।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था और पांच-पांच ओवर के मुक़ाबले में पावरप्ले भी पहली नौ गेंदों तक ही सीमित हो गया था। अभिषेक शर्मा के रूप में भारत को पहले ही ओवर में झटका लग गया था। पिच से स्पिनरों को काफ़ी मदद मिल रही थी और जापान के स्पिनरों ने भारतीय बल्लेबाज़ी को बांध कर रख दिया।
पहले ओवर में चार्ली हारा-हिंज़े के ख़िलाफ़ अंतिम गेंद पर अभिषेक ने फ़ुलर गेंद को स्वीप करने का प्रयास किया लेकिन वह शॉर्ट फ़ाइन लेग पर लपके गए। अगले ही ओवर में इब्राहिम ताकाहाशी ने संजू सैमसन को डीप मिडविकेट पर कैच आउट कराया और तीसरे ओवर में इशान किशन भी बेंजामिन इतो-डेविस का शिकार बन गए। भारत महज़ 14 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा चुका था।
हालांकि भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने संघर्ष किया और एक चौके की मदद से उन्होंने 16 रन बनाए। लेकिन अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद पर वह हारा-हिंजे़ का शिकार बने और भारत अंतिम दो गेंदों पर एक भी रन नहीं बटोर पाया। जापान ने भारत की मज़बूत बल्लेबाज़ी को पांच-पांच ओवर के मुक़ाबले में महज़ 32 के स्कोर पर रोक दिया था और उनके पास ऐतिहिसक मुक़ाबले में इतिहास रचने का मौक़ा दिखाई देने लगा था।
जापान के सामने लक्ष्य बड़ा नहीं था लेकिन भारतीय कप्तान ने भी स्पिनरों पर दांव खेलने का फ़ैसला किया और पहला ओवर अक्षर पटेल को थमाया। अक्षर ने किफ़ायती गेंदबाज़ी की और पांचवीं गेंद पर दूसरा रन लेने के प्रयास में लाचलान यामामातो-लेक डीप स्क्वायर लेग से किशन के सटीक थ्रो का शिकार बने।
इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर ने अगले ओवर में ताकाहाशी को डीप स्क्वायर लेग पर कैच आउट कराया। जापान पर दबाव बन गया था। हालांकि तीसरे ओवर में रवि बिश्नोई के ख़िलाफ़ 10 रन गए और जापान की उम्मीदें बरक़रार रहीं। लेकिन वॉशिंगटन ने अपने दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर कप्तान केंडेल काडोवाकी-फ़्लेमिंग का शिकार किया।
अंतिम ओवर में जीत के लिए जापान को आठ रनों की दरकार थी और अक्षर ने एक वाइड के अलावा कुल चार सिंगल ही दिए। अक्षर की तीसरी गेंद वाइड करार दिए जाने के बाद चौथी गेंद को भी वाइड करार दिया गया था लेकिन इसे स्क्वायर लेग अंपायर ने पलट दिया। जापान भले ही इस मुक़ाबले को जीत नहीं पाया लेकिन जापान की टीम ने अपने प्रदर्शन से इस हारे हुए मुक़ाबले में भी काफ़ी प्रभावित किया।
श्रेयस, अक्षर और वॉशिंगटन ने दिलाई भारत को जापान के ख़िलाफ़ रोचक जीत


