जयपुर। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने कांग्रेस की रैली पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र की हत्या करने वाली कांग्रेस लोकतंत्र को बचाने की नौटंकी वैसे ही कर रही है, जैसे 100 चूहे खाकर बिल्ली चली हज को। उन्होंने कहा कि यह रैली देश में निराशा जनक माहौल खड़ा करने की कोशिश है, कांग्रेस के पास कोई मुद्दे नहीं है, और जो मुद्दे नहीं है, उन्हें मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है। चतुर्वेदी ने कहा कि राहुल गांधी 2024 के जिन चुनावों को अवैध बताकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांग रहे है, वे भूल जाते है कि ज्ञानेश कुमार 2025 में सीईसी बने थे, और 2024 के चुनाव के आधार पर स्वयं राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष बनकर बैठे है। यदि चुनाव अवैध है तो राहुल गांधी स्वयं और उनके साथी सभी सांसद ढाई साल से अवैध रूप से सांसद बने हुए है। उन्होंने पूछा कि इसी एसआईआर के बाद उनकी जिन राज्यों में सरकारें बनी है, क्या वे भी अवैध है। क्या उनकी सरकारें इसी आधार पर इस्तीफा देगी ?
भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ अरूण चतुर्वेदी ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा का दावा करने वाली कांग्रेस को पहले अपने इतिहास का जवाब देना चाहिए। देश में आपातकाल लगाकर तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया। अटल जी, आडवाणी जी सहित विपक्षी नेताओं को जेल में डाला और प्रेस पर सेंसरशिप लागू की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक हितों के लिए संविधान के अनुच्छेद 356 का बार-बार दुरुपयोग किया और निर्वाचित सरकारों को गिराने का काम किया। 1957 से 67 तक के दशक में 18 बार, 1967 से 71 के चार साल के कार्यकाल में 45 सरकारों को गिराने , करीबन 1800 से अधिक विधायकों के खरीद—फरोख्त करने और 93 बार 356 का दुरुपयोग करने का कांग्रेस का काला इतिहास है। जिस पार्टी का इतिहास लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने से जुड़ा रहा है, उसका आज लोकतंत्र बचाने के नाम पर आंदोलन करना जनता को गुमराह करने जैसा है।
भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ अरूण चतुर्वेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। चाहे मजबूत होती अर्थव्यवस्था हो, देश की सुरक्षित सीमाएं हो, आधारभूत संरचनात्मक विकास हो, हर क्षेत्र में आशा और विश्वास के साथ मजबूती से कदम बढ़ा रहा है। वहीं कांग्रेस निराशा का वातावरण बनाकर देश को अराजकता की ओर धकेलने का कुत्सित प्रयास कर रही है।
भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ अरूण चतुर्वेदी ने 1 नवंबर को कांग्रेस द्वारा रैली आयोजित करने पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह दिन भारतीय लोकतंत्र के काले अध्यायों में से एक है। जब पूरे सिख समुदाय का नरसंहार करने के लिए कांग्रेसी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे थे, आज के दिन रैली आयोजित कर कांग्रेस ने उस समाज के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र बचाने के नाम पर जो आंदोलन कर रही है, उसे देश की जनता अच्छी तरह जानती है और इस नौटंकी का जवाब आने वाले चुनावों में कांग्रेस को मिलेगा।
लोकतंत्र की हत्या करने वाली कांग्रेस लोकतंत्र को बचाने की कर रही है नौटंकी : डॉ अरूण चतुर्वेदी


