टोंक शहर में पांच स्थानों पर दबिश, 04 एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण दर्ज, 07 आरोपी गिरफ्तार; स्मैक, ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम, एविल और बड़ी संख्या में सिरिंज बरामद
जयपुर । नशा मुक्त टोंक अभियान के तहत टोंक पुलिस ने शहर में नशीले पदार्थों एवं प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। डीएसटी टोंक, थाना कोतवाली, पुरानी टोंक, सदर टोंक एवं महिला शक्ति टीम की संयुक्त कार्रवाई में 04 एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण दर्ज कर 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान करीब 02 लाख रुपये की बाजार कीमत की 10.50 ग्राम स्मैक, ट्रामाडोल के 150 इंजेक्शन व 144 टैबलेट, अल्प्राजोलम की 2040 टैबलेट, एविल के 22 इंजेक्शन तथा 800 सिरिंज जब्त की गईं।

जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। टोंक शहर में नशीले इंजेक्शन एवं ऐसी दवाओं के अवैध इस्तेमाल और बिक्री की शिकायतों को देखते हुए पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही थी। इसी क्रम में डीएसटी एवं संबंधित थाना पुलिस की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
कोतवाली थाना क्षेत्र में दो कार्रवाई, पांच गिरफ्तार
कोतवाली थाना क्षेत्र में डीएसटी द्वारा तीन स्थानों पर दबिश दी गई। एक कार्रवाई में पवेलियन ग्राउंड में बने हॉल के पास चार युवकों अदीब उर्फ अद्दू (41) और अख्तर (30) निवासी काली पलटन, कलीम अहमद (32) निवासी लुहारे का मोहल्ला तथा किशन लाल (25) निवासी अंबिका कॉलोनी को कथित रूप से स्मैक का सेवन करते पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। मौके से स्मैक सेवन के उपकरण भी जब्त किए गए।
वहीं दूसरी संयुक्त कार्रवाई में बड़ा कुआं स्थित आशीर्वाद मेडिकल स्टोर के संचालक पुनीत बदलानी (23) निवासी बड़ा कुआं को बिना खरीद बिल के ट्रामाडोल एवं अल्प्राजोलम की गोलियां बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से ट्रामाडोल की 144 कैप्सूल तथा अल्प्राजोलम की 810 टैबलेट जब्त कीं। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर अनुसंधान जारी है।
पुरानी टोंक में नशीले इंजेक्शन और गोलियां बरामद
पुलिस थाना पुरानी टोंक क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड, अम्बेडकर कॉलोनी में पुलिस टीम ने नरेश कुमार वर्मा (27) को उसके मकान से प्रतिबंधित नशीली दवाएं रखने के आरोप में गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से ट्रामाडोल के 149 इंजेक्शन, अल्प्राजोलम की 86 पत्तियां तथा 12,450 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है।
सदर थाना क्षेत्र में महिला से 10.50 ग्राम स्मैक बरामद
थाना सदर टोंक क्षेत्र में गणेश मंदिर के सामने अन्नपूर्णा डूंगरी से पुलिस ने मौसम देवी (35) निवासी अन्नपूर्णा डूंगरी, टोंक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10.50 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और 6,240 रुपये नकद बरामद किए। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।
नशे के अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई
एसपी रोशन मीना ने बताया कि अभियान का उद्देश्य शहर में नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री एवं सेवन पर प्रभावी अंकुश लगाना है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थों एवं प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई कहां से हो रही थी तथा इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


