लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ ; हजारों महिलाओं से होगा सीधा संवाद
जयपुर। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में कोटा शहर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शहर पुलिस द्वारा ‘सुरक्षा संवाद 2.0’ जन-जागरूकता अभियान के तहत आगामी 17 अगस्त 2026 को महिला सुरक्षा संकल्प संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि यह कार्यक्रम कोटा शहर पुलिस और ब्लू डॉट डॉयलॉग संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य आयोजन 17 अगस्त को प्रातः 11:30 बजे से बोरखेड़ा स्थित कोरल पार्क के एलन सुहास सभागार में होगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और आमजन व महिलाओं को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा की गरिमामयी मौजूदगी इस आयोजन को और अधिक विशेष बनाएगी।
इस विशेष आयोजन के पहले आधिकारिक पोस्टर का विमोचन माननीय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा किया गया। इस दौरान कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम सहित पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के पोस्टर विमोचन के अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संदेश देते हुए कहा कि आइए, मिलकर एक मजबूत सुरक्षाबंधन बनाएं और इस बार सुरक्षा, सम्मान व सशक्तिकरण का संकल्प लें। वहीं कोटा शहर पुलिस ने भी सभी नागरिकों और महिलाओं से इस खुले संवाद सत्र में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कोटा को महिलाओं के लिए और अधिक सुरक्षित शहर बनाने की अपील की है।
इस आयोजन का मूल मंत्र “जागरूकता से सुरक्षा, संवाद से सशक्तिकरण” रखा गया है। इसका उद्देश्य महिलाओं के साथ सुरक्षा के मुद्दों पर एक खुला और पारदर्शी संवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, साथ ही कोटा शहर पुलिस द्वारा सुरक्षा के लिए की गई विभिन्न पहलों और आपातकालीन सुविधाओं से अवगत कराया जाएगा ताकि एक सशक्त और सुरक्षित समाज का निर्माण हो सके।
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का बनेगा नया मंच, 17 को कोटा में होगा महिला सुरक्षा संकल्प संवाद


