संगठित अपराध, नशा तस्करी और साइबर फ्रॉड के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति; अपराधों के ग्राफ में आई गिरावट
तकनीकी दक्ष युवाओं की भर्ती से स्मार्ट पुलिसिंग को मिल रही नई दिशा, नए आपराधिक कानूनों से त्वरित न्याय पर जोर
जयपुर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राजस्थान पुलिस के महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने समस्त प्रदेशवासियों और पुलिस परिवार के अधिकारियों एवं जवानों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया।
डीजीपी श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप राजस्थान पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। संगठित अपराध, हार्डकोर अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर अवैध संपत्तियों को जब्त करने, हथियार व मादक पदार्थों की बरामदगी और अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने का काम तेजी से किया जा रहा है। पुलिस का मुख्य लक्ष्य अपराध होने से पहले उसे रोकना है।
साइबर क्राइम से निपटने को R4C, 1930 पर तुरंत करें शिकायत
बदलते दौर में साइबर अपराधों को एक नई चुनौती बताते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस ने इसके प्रभावी नियंत्रण के लिए राजस्थान पुलिस साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (R4C) की स्थापना की है। उन्होंने आमजन से अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
स्मार्ट पुलिसिंग और नए कानून का प्रभावी क्रियान्वयन
राजस्थान पुलिस को आधुनिक व तकनीक-सक्षम बनाने के लिए प्रतिभाशाली युवाओं और प्रोफेशनल्स की भर्ती की जा रही है, जिससे स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा मिल रहा है। इसके साथ ही देश में लागू हुए नवीन न्याय संहिताओं के अनुरूप पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने, वैज्ञानिक व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान करने और प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करने पर निरंतर कार्य चल रहा है।
अपराध के आंकड़ों में गिरावट, जवानों को संवेदनशीलता का मंत्र
पुलिस के प्रयासों के सुखद परिणाम बताते हुए डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में अपराध के आंकड़ों में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने पुलिस बल से कहा कि वर्दी अधिकार के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी देती है, इसलिए कर्तव्यनिष्ठा, निष्पक्षता और संवेदनशीलता को अपनी पहचान बनाएं।
सुरक्षित व नशामुक्त राजस्थान का संकल्प
डीजीपी ने आमजन से भी पुलिस का सहयोग करने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने, यातायात नियमों का पालन करने तथा महिलाओं, बच्चों व कमजोर वर्गों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर सभी से एक सुरक्षित, अपराधमुक्त, नशामुक्त और विकसित राजस्थान के निर्माण में भागीदार बनने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
अपराधियों में डर, आमजन में विश्वास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही राजस्थान पुलिस: डीजीपी

