हनुमानगढ़ पुलिस की दोहरी कार्रवाई, नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर कसा शिकंजा
जयपुर। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार हनुमानगढ़ जिले में जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत गुरुवार को दो बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ओर कुख्यात नशा तस्कर की करोड़ों रुपये की संपत्ति फ्रीज की, वहीं दूसरी ओर विभिन्न थानों में जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण किया।
- हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद दीन की 4.31 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
विशेष अभियान “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना तलवाड़ा के हिस्ट्रीशीटर अपराधी मोहम्मद दीन उर्फ निक्कू खां द्वारा नशा तस्करी से अर्जित की गई लगभग 4 करोड़ 31 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत फ्रीज कर दिया गया है।
अवैध कमाई से बनाई 20 बीघा जमीन और 2 मंजिला मकान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द एवं वृताधिकारी संगरिया रमेश चंद्र माचरा के सुपरविजन में थानाधिकारी राजपाल सिंह मय टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद दीन निवासी तलवाड़ा झील की चक 1 टीएलडब्ल्यू-बी एवं चक 3 बीआरडब्ल्यू स्थित 20 बीघा कृषि भूमि तथा तलवाड़ा झील में बने 9 हजार वर्गफीट के दो मंजिला रिहायशी मकान को फ्रीज किया है।
23 वर्षों से नशा तस्करी के रैकेट में लिप्त है परिवार
वर्ष 2018 में दर्ज एक मामले की वित्तीय जांच में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद दीन पिछले करीब 23 वर्षों से नशा तस्करी में लिप्त है। वह अपनी पत्नी और बेटे समीर खान उर्फ सेम के साथ मिलकर नशीले पदार्थों की तस्करी का रैकेट चला रहा था। आरोपी का कोई वैध आय स्रोत नहीं मिला, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि उक्त संपत्तियां अवैध व्यापार से ही अर्जित की गई थीं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के 7 मामलों सहित कुल 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। - जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण पर कार्रवाई : 5.21 करोड़ के जब्त मादक पदार्थों को पुलिस ने कराया नष्ट, 5 माह में ₹39 करोड़ का माल निस्तारित
पुलिस मुख्यालय राजस्थान के निर्देशों की पालना में हनुमानगढ़ पुलिस द्वारा विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 57 मामलों में जब्तशुदा करीब 5 करोड़ 21 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण किया गया।
एसपी बी. आदित्य ने बताया कि यह कार्रवाई रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्री महालक्ष्मी केम कार्बोनेट प्रा. लि. में जिला औषधि व्ययन समिति के सदस्यों अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द एवं पुलिस निरीक्षक श्रीमती मोनिका बिश्नोई की उपस्थिति में संपन्न हुई।
निस्तारित किए गए मादक पदार्थों का ब्यौरा:
समस्त प्रक्रिया की पारदर्शी तरीके से फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी करवाई गई। निस्तारित किए गए माल में चिट्टा/हेरोइन 1 किलो 864 ग्राम (अनुमानित मूल्य: 3.72 करोड़), डोडा पोस्त 4 क्विंटल 9 किलो 784 ग्राम (अनुमानित मूल्य: 61.50 लाख), नशीली टेबलेट्स 8,990 (अनुमानित मूल्य: 36 लाख), नशीली शीशियां 363 (अनुमानित मूल्य: 1.50 लाख) औऱ गांजा 952 ग्राम (अनुमानित मूल्य: 50 हजार) शामिल है।
5 माह का आंकड़ा:
एसपी आदित्य ने बताया कि हनुमानगढ़ पुलिस द्वारा पिछले 5 महीनों के दौरान विभिन्न मामलों में जब्त किए गए कुल करीब 39 करोड़ रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थों (अफीम, डोडा पोस्त, चिट्टा, एमडी, गांजा व नशीली दवाइयां) का नियमानुसार सफलता पूर्वक निस्तारण किया जा चुका है।


