जयपुर। प्रसार भारती की ‘शेयर्ड ऑडियो-विजुअल्स फॉर ब्रॉडकास्ट एंड डिसेमिनेशन’ यानी PB-SHABD सेवा अब मार्च 2027 तक पूरी तरह नि:शुल्क रहेगी। इसके साथ ही, प्रसार भारती जल्द ही इसका अपग्रेडेड वर्जन PB-SHABD 2.0 लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है, जिसमें आधुनिक तकनीक और मीडिया की समकालीन आवश्यकताओं के अनुसार कई नए फीचर्स शामिल किए जाएंगे।
यह महत्वपूर्ण जानकारी प्रसार भारती एवं दूरदर्शन न्यूज की अपर महानिदेशक (ADG) श्रीमती ऋतु शुक्ला ने जयपुर में विभिन्न मीडिया संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित एक विशेष बैठक के दौरान दी। इस बैठक के दौरान उन्होने बताया कि PB-SHABD से देश भर में 1500 से अधिक रिपोर्टर और 60 से ज्यादा एडिट डेस्क इसके माध्यम से 50 से अधिक श्रेणियों में समाचार उपलब्ध कराते हैं। PB-SHABD पर वीडियो, ऑडियो, टेक्स्ट और तस्वीरें सभी प्रमुख भारतीय भाषाओं में दैनिक रूप से अपलोड की जाती हैं। प्रसार भारती का पीबी-शब्द (PB-SHABD) बिना लोगो (वाटरमार्क) के समाचार सामग्री प्रदान करता है।
पीबी-शब्द (PB-SHABD)
पीबी-शब्द (PB-SHABD) का अर्थ ‘प्रसार भारती-शेयरड ऑडियो-विजुअल्स फॉर ब्रॉडकास्ट एंड डिसेमिनेशन’ (Prasar Bharati-Shared Audio-Visuals for Broadcast and Dissemination) है। यह प्रसार भारती की एक समाचार शेयरिंग सेवा है, जिसके तहत मीडिया संगठनों को वीडियो, ऑडियो, टेक्स्ट और फोटो जैसे विभिन्न फॉर्मेट में दैनिक समाचार फीड मिलते हैं।
पीबी-शब्द (PB-SHABD) से कैसे जुड़ें?
पीबी-शब्द (PB-SHABD) पोर्टल पर केवल प्रमाणित और वैध लाइसेंस वाले भारतीय मीडिया संगठन ही जुड़ सकते हैं। प्रसार भारती की इस मुफ़्त न्यूज़ शेयरिंग सेवा का लाभ उठाने के लिए संगठनों के पास आवश्यक आधिकारिक दस्तावेज़ होने अनिवार्य हैं।
इस प्लेटफॉर्म से जुड़ने के लिए मीडिया हाउस को निम्नलिखित तीन श्रेणियों में बांटा गया है, और प्रत्येक के लिए आवश्यक दस्तावेज़ तय हैं:
समाचार पत्र : आरएनआई (RNI) प्रमाणपत्र रखने वाले कोई भी पंजीकृत समाचार पत्र, पत्रिका या जर्नल।
न्यूज़ टेलीविज़न और रेडियो: ऐसे ब्रॉडकास्टर्स जिनके पास सरकार द्वारा जारी वैध अपलिंक और डाउनलिंक सर्टिफिकेट हो।
डिजिटल मीडिया : न्यूज़ पोर्टल, यूट्यूब न्यूज़ चैनल, रील्स और ब्लॉग बनाने वाले डिजिटल प्रकाशक (पब्लिशर के पैन कार्ड की कॉपी के साथ)।
पीबी-शब्द से कैसे जुड़ें? (पंजीकरण की चरणबद्ध प्रक्रिया)
पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और बेहद सरल है:
वेबसाइट खोलें: सबसे पहले प्रसार भारती के आधिकारिक PB-SHABD Registration Portal पर जाएं।
अकाउंट का प्रकार चुनें: अपनी श्रेणी के अनुसार Newspaper, News Television या Digital Media में से किसी एक विकल्प को चुनें।
बुनियादी विवरण भरें: अपना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करें। आपके नंबर पर आए OTP को सबमिट कर उसे वेरिफाई करें।
संगठन की जानकारी दें: अपने मीडिया संस्थान/वेबसाइट/चैनल का नाम, यूआरएल (URL) और संपादक का आधिकारिक विवरण दर्ज करें।
दस्तावेज़ अपलोड करें:
5(i) समाचार पत्र के लिए RNI Certificate।
5(ii) टीवी चैनल के लिए Uplink/Downlink Certificate।
5(iii) डिजिटल मीडिया के लिए Publisher’s PAN Card की प्रति।
मार्च 2027 तक PB-SHABD न्यूज सेवा के लिए कोई शुल्क नहीं, वर्शन 2.0 जल्द ही आ रहा है


