जयपुर। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर चित्रकूट स्टेडियम में ‘गोकुलम 2026’ का भव्य आयोजन अत्यंत धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समरस भारत क्रीड़ा भारती एवं बाबा एस. के. जे. ज्वेलर्स के सौजन्य से आयोजित इस भव्य उत्सव में पारंपरिक दही हांडी और रोमांचक मल्लखंब प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 100 टीमों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम धनंजय कुमार एवं उपेन्द्र मिश्रा के पावन सानिध्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचन्द बैरवा रहे। समारोह में बंधे बालाजी के महंत जी, जयपुर महापौर सौम्या गुर्जर, जिला प्रमुख रमा चोपड़ा सहित शहर के कई प्रमुख साधु-संत एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजन के सचिव मधुसूदन शर्मा ने बताया कि युवाओं को अपनी संस्कृति और पारंपरिक खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से इस वृहद स्तर के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के कौशल और दर्शकों के उत्साह से पूरा वातावरण भक्तिमय और ऊर्जावान बना रहा।


