जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा सीकर रोड पर चौमूं सर्किल बस स्टैंड पर नगर निगम ग्रेटर क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सीवर लाइन के स्थान पर नई लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है।
जयपुर विकास आयुक्त मंजू राजपाल ने बताया कि चोमू सर्किल स्टैंड, सीकर रोड पर मिलिट्री केंपस में 600 एमएम की सीवर लाइन टूट जाने के कारण पूरी तरह से जाम हो गई थी। जिसके झोटवाड़ा आरओबी के दोनों तरफ सीवर का पानी भर गया था। ये सीवर लाइन नगर निगम ग्रेटर जयपुर के क्षेत्राधिकार की है। जिसके माध्यम से विद्याधर नगर, अंबाबाड़ी एवं सीकर रोड के आसपास क्षेत्र में बसी कॉलोनियों का सीवरेज पानी देहलावास एस टी पी में जाता है।
नगर निगम द्वारा उक्त सीवर लाईन की रिपेयरिंग का कार्य करने में असमर्थता जताते हुए जेडीए से सीवर लाइन मरम्मत करने हेतु निवेदन किया गया। इसके पश्चात जेडीसी के निर्देशों पर जेडीए अभियंताओं द्वारा साइट का मुआयना कर कमांडर, मिलिट्री स्टेशन से दिनांक 11 जुलाई, 2024 को आर्मी कैंपस में कार्य करने की अनुमति मांगी गई जो कि दिनांक 13 जुलाई 2024 को प्राप्त हुई।
जेडीए के निदेशक अभियांत्रिकी प्रथम देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा 11 जुलाई 2024 को क्षतिग्रस्त सीवर लाइन के चेंबर में पांच पंप स्थापित कर सीवर का पानी मिलिट्री कैंपस में स्थित अन्य सीवर लाइन के चेंबर में डालना शुरू किया गया। जिसके परिणाम स्वरुप सड़क पर सीवर का पानी बिखरना बंद हो गया।
इसके पश्चात 13 जुलाई 2024 को मिलिट्री कमांडर द्वारा अनुमति मिलने पर चौमूं सर्कल पर स्थित चैंबर के पास से मिलिट्री कैंपस में स्थित चैंबर तक 600 एमएम की नई सीवर लाइन डालने की प्रक्रिया शुरू कर की गई है, जो कि प्रगतिरत है। सीवर लाइन डालने का कार्य वर्तमान स्थिति को देखते हुए लगभग 10 दिवस मे पूर्ण किया जा सकेगा। इस कार्य पर जेडीए द्वारा 45.00 लाख रुपए खर्च किए जायेंगे।
जेडीए 45 लाख रूपए से डाल रहा है सीकर रोड पर चौमूं सर्किल बस स्टैंड पर नगर निगम ग्रेटर क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सीवर लाइन
