सिंधी कैंप और जालूपुरा के बीच सड़क पर मिले ड्राइविंग लाइसेंस, नेशनल आईडी और बैंक क्रेडिट कार्ड सहित अन्य दस्तावेज
अभी तक थाने में नहीं आई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट, एंबेसी से भी साधा जा रहा है संपर्क
जयपुर। जयपुर की आतिथ्य सत्कार की परंपरा और राजस्थान पुलिस की संवेदनशीलता का एक और बेहतरीन उदाहरण सामने आया है। जयपुर भ्रमण पर आई एक फ्रांसीसी महिला नागरिक रिहेमे धाऊई (Riehème Dhaoui) के महत्वपूर्ण दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, नेशनल आईडी और कई बैंको के क्रेडिट कार्ड्स सिंधी कैंप बस स्टैंड से जालूपुरा के बीच सड़क पर गिर गए थे. गनीमत यह रही कि ये सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रूप से पर्यटक सुरक्षा बल (TAF) के पास पहुंच गए।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक फ्रांसीसी पर्यटक के कुछ आवश्यक दस्तावेज और कार्ड्स सिंधी कैंप से जालूपुरा के बीच मुख्य मार्ग पर गिर गए थे। जब ये दस्तावेज राजस्थान पुलिस की पर्यटक सुरक्षा बल (TAF) टीम को मिले, तो उन्होंने बिना किसी विलंब के तुरंत इसकी छानबीन शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंधी कैंप और विधायकपुरी थाने में इसकी जानकारी जुटाई गई, हालांकि इस संबंध में पुलिस थाने में कोई गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी। इसके बावजूद पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए संबंधित फ्रांसीसी नागरिक तक संपर्क साधने के लिए दूतावास के माध्यम से भी वार्ता और प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस की अपील: सही मालिक तक पहुँचाने में करें सहयोग
पर्यटक सुरक्षा बल के पास फ्रांसीसी नागरिक के ये सभी कार्ड्स, ड्राइविंग लाइसेंस और नेशनल आईडी पूरी तरह सुरक्षित रखे हुए हैं। पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि यदि यह खबर संबंधित फ्रांसीसी नागरिक या उनके किसी परिचित तक पहुँचे, तो वे तुरंत पर्यटक सुरक्षा बल (TAF) या संबंधित थाने से संपर्क कर अपने मूल दस्तावेज प्राप्त कर सकते हैं।
इन नम्बरों पर सम्पर्क करें
~ संग्राम सिंह डिप्टी डायरेक्टर कम पुलिस उपाधीक्षक (TAF), रूम नंबर 209 पर्यटन भवन विधायक पुरी थाने के पास, जयपुर।
मोबाइल: 82335-67587
~दूरभाष: 0141-2600336
~सीयूजी नंबर: 8764868070
~कंट्रोल रूम: 0141-2388438, ०१४१-२३८८४३०
जयपुर में फ्रांस के नागरिक के महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले, पर्यटक सुरक्षा बल कर रहा असली मालिक की तलाश


