कॉल सेन्टर पहुंच शिकायतकर्त्ताओं को स्वयं फोन कर शिकायतों के निस्तारण के संबंध में लिया फीडबैक
पट्टे संबंधी मामले जिनमें शुल्क जमा करवा दिया गया है आगामी 15 दिनों में पट्टा प्रदान करने के निर्देश
जयपुर। नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झार्बर सिंह खर्रा ने नगर निगम ग्रेटर मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया। खर्रा ने शिशु पालना गृह का भी निरीक्षण किया वहां मौजूद छोटे बच्चों से उन्होंने लाड दुलार भी किया। खर्रा के साथ निरीक्षण के दौरान महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर, चैयरमेन एवं पार्षद लक्ष्मण नूनीवाल, महेश सैनी, हरीश कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।
खर्रा ने उपायुक्त राजस्व प्रथम से पट्टों के लंबित प्रकरणों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिन पट्टों की फाइलों में राशि जमा हो गई है उनका शीघ्र ही पट्टे जारी किये जाये। खर्रा ने मुख्यालय स्थित कॉल सेन्टर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, लाईट, फोगिंग, सीवरेज संबंधी लंबित शिकायतों के निस्तारण के संबंध में जानकारी ली तथा स्वयं ने शिकायतकर्त्ताओं को फोन कर उनकी शिकायतों के निस्तारण के संबंध में फीडबैक भी लिया। शिकायतकर्त्ताओं ने मंत्रीजी को शिकायत निस्तारण के संबंध में संतुष्टि जाहिर की।
खर्रा ने इस अवसर पर कहा कि आमजन द्वारा सफाई, सीवर, आवारा पशुओं से संबंधित विभिन्न प्रकार की शिकायतों का निस्तारण शीघ्र किया जाये, पट्टों के संबंध में जिनका शुल्क जमा हो गया है उनको आगामी 15 दिन में पट्टा जारी किया जाये। इसके साथ ही लाईट संबंधी समस्याओं का भी शीघ्र निस्तारण किया जाये।
नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झार्बर सिंह खर्रा ने किया नगर निगम ग्रेटर का औचक निरीक्षण
