नई दिल्ली। सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी का लीग चरण सोमवार को समाप्त हो गया। लीग चरण में कुल चार ग्रुप थी, जिसमें 32 टीमें थीं। अब उनमें से आठ टीमें सुपर लीग चरण तक पहुंच चुकी है। ग्रुप A से मुंबई और आंध्रा, ग्रुप B से हैदराबाद और मध्य प्रदेश, ग्रुप C से पंजाब और हरियाणा, और ग्रुप D से राजस्थान और झारखंड ने सुपर लीग के लिए क्वालीफ़ाई किया है। इन आठ टीमों को अब चार-चार टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा, और इन ग्रुप में शीर्ष पर रहने वाली टीमें 18 दिसंबर को पुणे में फ़ाइनल खेलेंगी। सुपर लीग के ग्रुप A में मुंबई, हैदराबाद, हरियाणा और राजस्थान हैं, जबकि ग्रुप B में आंध्र, मध्य प्रदेश, पंजाब और झारखंड को जगह मिली है। अगला दौर 12 दिसंबर से शुरू होगा। आइए सोमवार को खेले गए मुक़ाबलों पर एक नज़र डालते हैं।
बड़ौदा के विकेटकीपर-बल्लेबाज़ अमित पासी ने सर्विसेज़ के ख़िलाफ़ हैदराबाद में 55 गेंदों में 114 रनों की पारी खेली और T20 डेब्यू में बिलाल आसिफ़ के सबसे बड़े स्कोर के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। पासी ने अपनी पारी में 10 चौके और 9 छक्के लगाए, जिसकी मदद से बड़ौदा ने 220/5 का स्कोर बनाया। सर्विसेज़ की टीम इस बड़े स्कोर के सामने 13 रन से पीछे रह गई। पारी की शुरुआत करते हुए पासी ने 24 गेंदों में अर्धशतक और 44 गेंदों में शतक पूरा किया। उन्होंने विष्णु सोलंकी (12 गेंद 25 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 5.2 ओवर में 75 रन जोड़े। भानु पनिया ने अंत में 15 गेंदों में 28 रनों की तेज़ पारी खेली।
कुंवर पाठक और रवि चौहान ने 51-51 रनों की पारी खेली और पहले विकेट के लिए दोनों ने 8.2 ओवर में 84 रन जोड़े। कप्तान मोहित अहलावत ने 22 गेंदों में 41 रनों की पारी के साथ टीम को मैच में बनाए रखा लेकिन नकुल शर्मा के अलावा उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। सर्विसेज़ ने 207/8 का स्कोर बनाया और यह सात मैचों में उनकी छठी हार है। बड़ौदा की तरफ़ से राज लिंबानी सबसे सफ़ल गेंदबाज़ रहे और 37 रन देकर 3 विकेट लिए।
तमिलनाडु और सौराष्ट्र दोनों ही अगले चरण की दौड़ से बाहर हो गए थे। लेकिन बी साई सुदर्शन ने 55 गेंदों में नाबाद शतक लगाकर TN को आख़िरी स्थान से चौथे स्थान पर पहुंचा दिया और तीन विकेट से रोमांचक जीत दिलाई। 183 रनों का पीछा करते हुए जयदेव उनादकट और चेतन सकारिया ने तमिलनाडु का स्कोर 29 पर 3 विकेट कर दिया था। रितिक ईश्वरन के 17 गेंदों में 29 रन बनाने के बाद, साई सुदर्शन को बाक़ी बल्लेबाज़ों का साथ नहीं मिल रहा था। लेकिन वह एक छोर से लगातार बड़े शॉट मारते रहे और 28 गेंदों में अर्धशतक तक पहुंच गए।
साई सुदर्शन और सनी संधू के बीच सातवें विकेट के लिए महज़ 13 गेंदों में 37 रनों की साझेदारी की, जिससे जीत लगभग तमिलनाडु के पाले में आ गया। जब साई सुदर्शन 97 रन पर थे और तमिलनाडु को जीतने के लिए तीन रन चाहिए थे, तब उन्होंने एक बेहतरीन चौका लगाते हुए अपना शतक पूरा किया।
अमित पासी का रिकॉर्ड डेब्यू शतक, पंजाब और हरियाणा सुपर लीग में पहुंची
