5 करोड़ रुपये कीमत की 1.65 किलो MD ड्रग और अवैध हथियारों के मामले में था फरार
जयपुर। जिला पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ बी. आदित्य के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत थाना अरनोद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे 25,000 रुपये के ईनामी अभियुक्त नदीम पठान पुत्र रउफ उर्फ भय्यू लाला निवासी नौगावा को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी पूर्व में 1 किलो 650 ग्राम अवैध एमडी, एमडी बनाने में प्रयुक्त पाउडर और 161 जिंदा कारतूस के साथ पिस्टल व 12 बोर की बंदूकें जब्ती के मामले में की गई है।
एसपी आदित्य ने बताया कि 06 अप्रेल को थानाधिकारी अरनोद हजारी लाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नौगावा स्थित फरदीन खान (नदीम का भाई) के मुर्गी फार्म पर दबिश दी थी। तलाशी के दौरान मुर्गी फार्म से भारी मात्रा में 1.65 किलो एमडी पाउडर, 4 किलो से अधिक संदिग्ध पाउडर और अवैध हथियार व 161 जिंदा कारतूस जब्त किए गए थे। मौके से फरदीन खान को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि उसका भाई नदीम पठान तब से फरार चल रहा था।
पुलिस ने आसूचना संकलन और मुखबिर तंत्र के माध्यम से वांछित अभियुक्त नदीम को रविवार 12 अक्टूबर को उसके रिहायशी मकान में दबिश देकर दबोच लिया। नदीम पर 25,000 रुपये का ईनाम घोषित था और उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है, जिसमें हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के 3 अन्य मामले भी शामिल हैं।
यह महत्वपूर्ण कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबत सिंह और वृताधिकारी अरनोद चन्द्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में पूरी की गई। टीम का नेतृत्व थानाधिकारी अरनोद हजारीलाल ने किया। टीम में एएसआई प्रेमलाल, हैड कांस्टेबल दिनेशदास, प्रभुराम, कांस्टेबल देशराज, दिनेशकुमार और दिलीप कुमार शामिल थे।
ऑपरेशन चक्रव्यूह की बड़ी सफलता : प्रतापगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ा 25,000 का इनामी बदमाश नदीम पठान
