बैंक कर्मचारी निकला करोड़ों की ठगी का मास्टरमाइंड, बहन की सगाई में शामिल होने के लिए विदेश से राजगढ़ आया था
जयपुर। चूरू पुलिस ने एक हाई-प्रोफाइल धोखाधड़ी मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। डेढ़ साल से फरार चल रहे एक बैंक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है, जिसने फर्जी खातों के जरिए लगभग दो करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी की थी। आरोपी की पहचान हरीश कुमार जांगिड़ के रूप में हुई है, अपनी बहन की सगाई में शामिल होने के लिए विदेश से राजगढ़ आया था तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा।
एसपी जय यादव ने बताया कि राजगढ़ के रहने वाले राजेश कुमार और राकेश कुमार ने अपनी फर्म के पंजीकरण के लिए एक्सिस बैंक के कर्मचारी हरीश को दस्तावेज दिए। हरीश ने इन दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हुए दोनों के फर्जी हस्ताक्षर से बैंक में चालू खाते खोल लिए। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन धोखाधड़ी के करोड़ों रुपये जमा करने के लिए किया गया, जिसका खुलासा तब हुआ जब दिल्ली साइबर ब्रांच ने पीड़ित राजेश कुमार को इस मामले के बारे में सूचित किया।
मामला दर्ज होते ही शातिर हरीश जांगिड़ विदेश भाग गया। चूरू एसपी जय यादव के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरीलाल और वृताधिकारी रोहित सांखला के मार्गदर्शन और एसएचओ राजेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस को खुफिया जानकारी मिली कि हरीश अपनी बहन की सगाई के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गुपचुप तरीके से राजगढ़ लौट रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार 7 अगस्त को हरीश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
फर्जी एकाउंट खोलकर दो करोड़ की ऑनलाइन ठगी: डेढ़ साल से फरार आरोपी गिरफ्तार
