जयपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में कार्यरत महिला अधिकारियों और महिला कर्मचारियों के योगदान का सम्मान करने और उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करने के साथ साथ स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 3 से 11 मार्च तक उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिसके समापन एवं सम्मान समारोह का आयोजन बुधवार दिनांक 11.03.2026 को प्रधान कार्यालय, उत्तर पश्चिम रेलवे पर किया गया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार 8 मार्च को आयोजित होने वाले अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की थीम गिव टू गेन पर उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय सहित मंडलो एवं ईकाइयों पर 3 से 11 मार्च तक महिला अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला सप्ताह का आयोजन किया गया। जिसके अन्तर्गत ‘‘कर्मयोगी भारत PoSH प्रशिक्षण, मिशन शक्ति ऐप का उपयोग, तनाव मुक्त कार्यशाला (लाफ्टर योगा) एवं फन गेमों सहित विभिन्न कार्यक्रमो का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर महाप्रबन्धक अमिताभ ने अपने उदबोधन में सम्मानित महिला रेलकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका उत्कृष्ट कार्य अन्य महिला कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी महिला रेलकर्मी इसी प्रकार अपने कर्तव्यों का निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करती रहेंगी और रेलवे की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देती रहेंगी।
अंतर्राष्ट्रीय महिला सप्ताह के अंत में बुधवार दिनांक 11.03.2026 को डां. अंजू अध्यक्षा, उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली 40 महिला रेलकर्मियों को स्मृतिचिन्ह् प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के चारों मंडलो पर अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की थीम गिव टू गेन पर अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उत्तर पश्चिम रेलवे पर कार्यरत महिला रेलकर्मियों के साथ-साथ सभी महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए क्विज प्रतियोगिताएं, सेमीनार, परिचर्चा, पेटिंग प्रतियोगिता, काव्य पाठ का भी आयोजन किया गया।
उत्तर पश्चिम रेलवे पर वर्तमान में 2864 महिला कर्मचारी विभिन्न पदों पर कार्यरत् है। यह
महिलाकर्मी स्टेशन मास्टर, लोको पायलेट, ट्रेक मैंटेनर, डीजल शैड और वर्कशॉप में इंजीनियर व खलासी, रेलवे सुरक्षा बल, टीटीई, नर्सिगकर्मी, चिकित्सक, गार्ड इत्यादि पदों पर बखूबी अपना दायित्व निभा रही है।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बढते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे पर 8 मार्च को अजमेर, बीकानेर व जोधपुर मंडल पर महिला चालक दल को ट्रेन संचालन का दायित्त्व सौंपा गया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला सप्ताह के अन्तर्गत दिनांक 05.03.2026 को आयोजित ‘तनाव मुक्ति कार्यशाला‘ के अन्तर्गत गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड तथा लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर डॉ. हरीश रावत द्वारा लाफ्टर योगा का अभ्यास कराया गया। इस विशेष सत्र में डॉ. रावत ने उपस्थित महिला रेलकर्मचारियों को लाफ्टर योगा के माध्यम से तनाव मुक्त रहने के सरल और प्रभावी उपाय बताए।
समापन एवं सम्मान समारोह में अपर महाप्रबन्धक अशोक माहेश्वरी, प्रमुख वित्त सलाहकार सुश्री गीतिका पांडे, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती सीमा शर्मा, उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारीगण सहित मुख्यालय में कार्यरत कई महिला अधिकारी एवं महिला कर्मचारीगण उपस्थित रहीं।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली 40 महिला रेलकर्मियों को किया गया सम्मानित
