जयपुर। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण इस माह के तृतीय शनिवार को विशेष “समाधान शिविर” का आयोजन करने जा रहा है।
जयपुर विकास आयुक्त आनन्दी ने बताया कि जेडीए की आनलाईन सेवाओं के ऐसे समयावधि पार प्रकरणों के त्वरित एवं उचित निस्तारण हेतु इस माह के तृतीय शनिवार 16 अगस्त को समाधान शिविर जेडीए परिसर स्थित नागरिक सेवा केंद्र में आयोजित होगा, जिसका मुख्य उद्देश्य लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत समय सीमा से पार लंबित प्रकरणों का मौके पर और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करना है।
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत, नागरिकों को निर्धारित समयावधि में सेवाएं उपलब्ध कराना प्राधिकरण की जिम्मेदारी है। हालाँकि, कई बार पत्रावलियों के अनावश्यक रूप से गलत कार्मिक के पास भेजे जाने से कार्य में विलंब होता है और सेवाएं समय सीमा से बाहर चली जाती हैं। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए “समाधान शिविर” एक विशेष पहल के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में की जाने वाली प्रमुख व्यवस्थाएं एवं कार्यवाही:
- उपस्थिती सुनिश्चित करना: सभी जोन उपायुक्त अपने संबंधित कार्मिकों एवं आवश्यक पत्रावलियों/रिकॉर्ड के साथ शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
- आवेदकों की सूचना एवं टाइम स्लॉट निर्धारण: जोन उपायुक्त 30 से 45 दिन (सेवा की निर्धारित अवधि के अनुरूप) से अधिक लंबित प्रकरणों से संबंधित आवेदकों को पूर्व सूचना देंगे और आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में आने हेतु आमंत्रित करेंगे।
- मौके पर निस्तारण: शिविर में लंबित प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया जाएगा। आगामी शिविर में निस्तारण हेतु लिए जाने वाले प्रकरणों की सूची भी तैयार कर रखी जाएगी।
- मॉनिटरिंग: संबंधित अतिरिक्त आयुक्त शिविर में उपस्थित रहकर संपूर्ण प्रक्रिया की मॉनिटरिंग करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार संपन्न हों।
- संबंधित शाखाओं की सहभागिता: यदि कोई पत्रावली मास्टर प्लान, विधि, वित्त, आयोजना, प्रवर्तन या अभियांत्रिकी विंग से संबंधित है, तो जोन उपायुक्त संबंधित शाखा प्रभारी को पूर्व सूचना देंगे और उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे।
नागरिकों से अपील:
जयपुर विकास प्राधिकरण नागरिकों से आग्रह करता है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराएं। आपकी सक्रिय भागीदारी हमें बेहतर एवं समयबद्ध सेवा प्रदान करने में सहायक होगी।
