जयपुर। ड्राइवर को झपकी आने से रोडवेज बस हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार बस जयपुर-दिल्ली हाईवे पर ट्रेलर में जा घुसी। बस में सवार पति-पत्नी और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। 20 सवारियां घायल हैं। 11 लोगों की हालत गंभीर है। एक यात्री (मृतक) का पैर कटकर अलग हो गया। हादसा सोमवार सुबह 4 बजे जयपुर के शाहपुरा में अलवर कट के पास हुआ। भीषण एक्सीडेंट के बाद क्रेन से बस को हटाया और फिर लोगों को निकाला।
दिल्ली से जयपुर जा रही बस के ड्राइवर को अचानक झपकी आ गई। आगे चल रहे सीमेंट से भरे ट्रेलर में बस पीछे से घुस गई। बस में सो रहे यात्रियों में अचानक चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद लोगों भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और क्रेन से यात्रियों को बाहर निकाला। एक्सीडेंट में दिल्ली निवासी विजय अग्रवाल (40) उसकी पत्नी टीना अग्रवाल (35) और बेटे प्रीतम अग्रवाल (16) की मौत हो गई। प्रीतम का पैर कटकर अलग हो गया था। 20 घायलों को शाहपुरा हॉस्पिटल पहुंचाया। यहां से 11 को एसएमएस हॉस्पिटल रेफर कर दिया है।
शाहपुरा थाना पुलिस के मुताबिक, बस ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आने से हादसा हुआ। हादसे के बाद एक घंटे तक हाईवे पर जाम रहा। दोनों वाहनों को साइड में कराकर यातायात सुचारु करवाया गया। हादसे में प्रीतम अग्रवाल (16) का पैर कटकर अलग हो गया था। सीमेंट के कट्टे के नीचे पैर दबा मिला। बस का ड्राइवर साइड का हिस्सा आगे से पीछे तक क्षतिग्रस्त हो गया।
भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार रोडवेज बस पीछे से ट्रेलर में घुसी, पति-पत्नी और बेटे की दर्दनाक मौत
