- क्यू-नेट नामक कम्पनी के हैं सदस्य, जॉइन होने के 4.20 लाख लेने के बाद चैन सिस्टम से अधिक सदस्य जोड़ने की रखते थे बाध्यता
- अपराधियों के शिकंजे में फंसने के बाद चंगुल से छुटना था मुश्किल, फरियादी के साथ की थी 16.65 लाख रुपये की धोखाधड़ी
जयपुर। कोटा शहर जिले की थाना कुन्हाड़ी पुलिस ने डीएसटी व साइबर सेल के सहयोग से कम समय में अधिक पैसे कमाने का लालच देकर धोखाधड़ी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई कर प्रकरण दर्ज होने के मात्र 10 घण्टों में क्यू-नेट नामक कम्पनी के दो शातिर सदस्यों शिवकुमार मीणा पुत्र प्यारेलाल (28) एवं बनी सिंह मीणा पुत्र रामरुप (34) निवासी सपोटरा जिला करौली हाल बालापुरा थाना कुन्हाडी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी अमृता दुहन ने बताया कि बोरखेड़ा निवासी आशिक हुसैन ने शनिवार को थाना कुन्हाड़ी पर रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि करीब 6-7 महीने पहले उसकी मुलाकात थाना कुन्हाड़ी क्षेत्र स्थित आकांशादीप हाईट के एक फ्लैट में रह रहे शिव कुमार मीणा से हुई थी। जिसने कम्प्यूटर पर घर से ही करने वाले बिजनेस के बारे में बता पत्नी के साथ को साथ लेकर आने की कह अपने फ्लैट पर बुलाया। जहां जूम एप पर अब किसी से ऑनलाइन इंटरव्यू करवा कम्पनी क्यू-नेट की जानकारी दी।
इन्होंने कम्पनी के बारे में बताया कि उनकी कम्पनी विश्व के 27 सेक्टरों में 140 से ज्यादा देशों में काम करती है। उनकी कम्पनी का चार साल का एक प्रोजेक्ट है, 04 साल में आप 6 करोड़ रुपये कमाऐगें। उसके बाद इनकम प्रत्येक महीने 10.50 लाख आजीवन मिलेगी। इसके लिए पहले 4 लाख 20 हजार रुपये जमा करवाने पड़ेंगे। प्रलोभन में आकर उसने शिवकुमार को 4.20 लाख रुपये दे दिये।
उसके बाद शिवकुमार ने अपने फ्लैट पर 20 दिन की ऑनलाइन ट्रेनिग करवाई। प्रलोभन में आकर उसने व उसके परिचितों ने कुल 16.65 लाख रुपये इस कम्पनी में लगा दिए। कुछ प्रॉफिट नहीं मिलने पर रकम मांगने पर अन्य व्यक्तियों को और जोड़ने के बाद ही आमदनी होने का झांसा दे रहे है। इस पर बीएनएस एवं चिट फंड एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई
घटना को गम्भीरता से लेते हुए आरोपी शिवकुमार व बनी सिंह की गिरफ्तारी के लिए एसपी तोमर द्वारा एएसपी दिलीप कुमार सैनी के निर्देशन व सीओ गंगासहाय शर्मा के सुपरविजन एवं एसएचओ कुन्हाडी अरविन्द भारद्वाज के नेतृत्व मे एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम आरोपियों के फ्लैट पहुंची, जहां ताला लगा हुआ मिला।
अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी फुटेज, आस पड़ौसियों व पीड़ितों से पूछताछ एवं तकनीकी मदद से आरोपी शिव कुमार व बनी सिंह को कुन्हाडी से डिटेन कर विस्तृत पुछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। इनसे पुलिस क्यू-नेट कम्पनी के तौर-तरीकों, मुख्य सरगना, अन्य साथियों तथा इनके कार्यालयों के बारे में गहनता से जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।
करोड़ों की कमाई और लाखों का मासिक वेतन का लालच देकर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
