जयपुर। हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने विधानसभा की कार्यवाही के दौरान प्रक्रिया के नियम 295 के तहत विशेष उल्लेख प्रस्ताव में हवामहल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली रोड मानबाग बत्ती से 2 नम्बर बस स्टैंड जयसिंहपुरा खोर तक मार्ग के चौड़ाईकरण का मुद्दा उठाया।
उन्होंने बताया कि हवामहल विधानसभा क्षेत्र का यह मार्ग वर्तमान में अत्यंत संकरा होने के कारण क्षेत्रवासियों के लिए गंभीर समस्या का कारण बन गया है। इस क्षेत्र में लगभग एक लाख से अधिक जनसंख्या निवास करती है जिसके चलते प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चौपहिया एवं भारी वाहनों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। मार्ग की सीमित चौड़ाई और बढ़ते यातायात दबाव के कारण यहां पूरे दिन भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन, विद्यार्थियों, कर्मचारियों तथा व्यापारियों को अपने दैनिक कार्यों के लिए आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कई बार आपातकालीन परिस्थितियों में एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहन भी यातायात जाम में फंस जाते हैं, जिससे मरीजों और क्षेत्रवासियों के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है। स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने बताया कि यह मार्ग जयसिंहपुरा खोर के साथ-साथ जामडोली, केशव विद्यापीठ, आगरा रोड और जमवारामगढ़ जैसे क्षेत्रों को भी जोड़ता है, जहां कई प्रमुख शैक्षणिक संस्थान संचालित हैं। ऐसे में बढ़ती जनसंख्या और वाहनों की संख्या को देखते हुए यह मार्ग वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि दिल्ली रोड मानबाग बत्ती से 2 नम्बर बस स्टैंड जयसिंहपुरा खोर तक के मार्ग का शीघ्र चौड़ाईकरण एवं आवश्यक आधारभूत सुधार कार्य करवाया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को लंबे समय से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
उल्लेखनीय है कि स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने विधानसभा के बजट सत्र में क्षेत्र की समस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से सदन में रखा और अपनी सक्रियता से क्षेत्रवासियों की आवाज को प्रभावी रूप से सरकार तक पहुंचाने का कार्य किया।
हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने दिल्ली रोड–जयसिंहपुरा खोर मार्ग के चौड़ाईकरण का मुद्दा विधानसभा में उठाया
