मंगलवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने मुंबई इंडियंस (MI) को चार विकेट से हरा दिया। MI पर LSG की इस जीत से LSG के खाते में अब कुल 12 अंक हो गए हैं और अंक तालिका में लंबी छलांग लगाते हुए LSG अब तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।मार्कस स्टॉयनिस एक बार फिर LSG के लिए मुख्य नायक साबित हुए। गेंदबाज़ी के दौरान उन्होंने कंजूसी बरतते हुए सूर्यकुमार यादव का विकेट निकाला और बल्लेबाज़ी के दौरान इस सीज़न का अपना दूसरा अर्धशतक लगाते हुए उन्होंने LSG को मज़बूत स्थिति में पहुंचा दिया। हालांकि MI ने भी LSG के छह विकेट गिरा दिए थे लेकिन स्टॉयनिस ने MI को वापसी का मौक़ा नहीं दिया।क्या इस मैच में टर्निंग प्वाइंट था?MI ने पावरप्ले में ही चार विकेट गंवा दिए थे। मैच की समाप्ति के बाद ख़ुद MI के कप्तान हार्दिक पंड्या ने भी कहा कि इस स्थिति से बड़े टोटल तक पहुंचना बहुत मुश्किल था। तिलक वर्मा दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हुए और उनके रूप में तीसरा विकेट गिरने के बाद हार्दिक भी पहली ही गेंद पर आउट हो गए। हालांकि यहां से इशान किशन और नेहाल वढ़ेरा ने MI की पारी को संभाला और अंत में टिम डेविड ने कुछ बड़े शॉट्स खेलकर MI को एक लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचा दिया।पिच धीमी थी और MI को पहले ओवर में सफलता भी मिल गई थी। हालांकि पावरप्ले में केएल राहुल और स्टॉयनिस ने काउंटर अटैक किया और MI से जीत को दूर ले गए। बीच में हार्दिक ने राहुल और स्टॉयनिस का विकेट लेकर वापसी कराने की कोशिश की लेकिन जैसा कि ख़ुद मैच के बाद राहुल ने कहा कि अगर उनकी टीम को 170 के आसपास का लक्ष्य मिला होता तो लक्ष्य को धीमी विकेट को देखते हुए उनकी टीम को लक्ष्य हासिल करने में समस्या आ सकती थी।इस मैच का तात्पर्य क्या है?LSG ने अब अंकों के मामले में कोलकाता नाइट राइडर्स की बराबरी कर ली है और प्लेऑफ़ में उसके पहुंचने की संभावना बढ़ गई हैं। जबकि MI के लिए प्लेऑफ़ का रास्ता और कठिन हो गया है। MI को अब ना सिर्फ़ अपने सभी मैच जीतने होंगे बल्कि उसे अपना नेट रन भी बेहतर करना होगा। इसके अलावा उसे दूसरी टीमों के परिणामों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।
