जयपुर। भारत को वर्ष 2047 तक विकसित बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजना चलायी जा रही है, इन योजनाओं की जानकारी को आमजन तक पहुंचाने के लिए शिक्षित और जागरूक होना बहुत जरूरी है, तभी हम विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त कर सकेगें। यह बात सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के केन्द्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक कार्यालय, जयपुर की ओर से राजकीय पालिटेक्निक कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित पांच दिवसीय विकसित भारत @ 2047 मल्टीमीडिया प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में राजेन्द्र गहलोत राज्यसभा सदस्य ने मुख्य अतिथि के रूप बोलते हुए कही। उन्होने कहा कि देश को शिक्षा के क्षेत्र में आगे तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री जी ने नयी शिक्षा नीति 2020 लागू की है, जिसके माघ्यम से नई पीढी अपनी रूचि के विषयों का चयन कर शिक्षा हासिल कर रोजगार से जुड़ सकती है। उन्होने कहा कि रोजगारोन्मुखी शिक्षा हासिल करने से युवाओं को रोजगार मिलेगा व देश की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिलेगी। गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है तथा विश्व में अर्थव्यवस्था की श्रेणी में पांचवे स्थान से तीसरे स्थान की ओर बढ़ रहा है।
इससे पहले राज्यसभा सदस्य राजेन्द्र गहलोत, भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार के निदेशक डॉ0 शिवज्ञानम, अग्रणी बैंक जिला प्रबन्धक कमलेश चौधरी, केन्द्रीय संचार ब्यूरो के सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीना ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया।
प्रदर्शनी के दौरान ईपीसीएच के क्षेत्रीय अधिकारी गोपाल शर्मा ने हथकरघा उद्योग को बढावा देने के लिए सरकार के किये जा रहे प्रयासों के बारे में कहा कि हमें नौकर नही मालिक बनने की भावना से काम करना होगा तभी हम बेरोजगारी से छुटकारा पा सकेगें और आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ सकेंगें। अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक कमलेश चौधरी ने अटल पेंशन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना के बारे मे जानकारी दी। इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के डॉ. संदीप सोनी ने आयुष्मान भारत डिजिटल परियोजना के बारे में जानकारी देते हुए स्वास्थ्य का लाभ लेने के लिए आभा कार्ड के बनाने की प्रक्रिया तथा उसके महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। आयुर्वेद विभाग की डॉ. मीनाक्षी पंवार ने छात्र-छात्राओं को स्वस्थ दैनिक दिनचर्या एवं खान-पान के बारे में बताया तथा आयुर्वेद चिकित्सा पद्वतियों के तहत पंचकर्म एवं आंचल प्रसुता केन्द्र के बारे में जानकारी प्रदान की।
शिक्षा से ही विकसित भारत की परिकल्पना संभव – राजेन्द्र गहलोत
