जयपुर। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), नेहरु युवा केंद्र (NYKS) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) द्वारा जयपुर में संयुक्त रूप से आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, नेहरू युवा केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक भुवनेश जैन ने जानकारी दी कि ‘विकसित भारत चैलेंज’ का लक्ष्य पूरे भारत से कम से कम 1 करोड़ युवाओं (आयु वर्ग 15- 29 वर्ष) को जोड़ना है। यह चैलेंज भारत मंडपम में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम का प्रारंभिक चरण होगा।
उन्होने बताया कि इस चैलेंज का पहला चरण 25 नवंबर 2024 से 5 दिसंबर 2024 के बीच एक राष्ट्रव्यापी डिजिटल क्विज़ के रूप में आयोजित होगा। यह क्विज़ MY भारत प्लेटफ़ॉर्म पर आयोजित की जाएगी और 15 से 29 वर्ष के आयु वर्ग के प्रतिभागी इसमें भाग ले सकते हैं। इस क्विज़ का उद्देश्य प्रतिभागियों के ज्ञान और भारत की ऐतिहासिक उपलब्धियों के प्रति उनकी जागरुकता को परखना है।
भुवनेश जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य है कि देश में कम से कम 1 लाख युवा नेताओं का विकास किया जाए। यह प्लेटफ़ॉर्म युवाओं की नेतृत्व क्षमता, उनकी आवश्यकताओं और विकसित भारत के लक्ष्य में उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों को परिभाषित करने का अवसर प्रदान करेगा।
विकसित भारत चैलेंज में चार चरणों में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
- पहला चरण: विकसित भारत प्रश्नोत्तरी
इसमें मेरा युवा भारत (MY BHARAT) प्लेटफॉर्म पर 25 नवंबर 2024 से 5 दिसंबर 2024 तक आयोजित होने वाले डिजिटल क्विज़ में 15 से 29 वर्ष के युवा भाग लेंगे। प्रतिभागियों के ज्ञान और भारत की उल्लेखनीय उपलब्धियों के बारे में उनकी जानकारी की परीक्षा होगी। - दूसरा चरण: निबंध और ब्लॉग लेखन
पहले चरण के विजेता लगभग 10 चुने गए विषयों जैसे ‘विकसित भारत के लिए तकनीक’ और ‘विकसित भारत के लिए पुवाओं को सशक्त बनाना’ आदि पर निबंध या ब्लॉग प्रस्तुत करेंगे। यह प्रतियोगिता MY BHARAT प्लेटफॉर्म पर आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतिभागियों के विचार राष्ट्रीय विकास के प्रति उनकी सोच को परिलक्षित करेंगे। - तीसरा चरण: विकसित भारत विज़न पिच डेक – राज्य स्तरीय प्रस्तुतियां
दूसरे चरण में उत्तीर्ण प्रतिभागी अपने राज्य स्तर पर चुने हुए विषयों पर विचार प्रस्तुत करेंगे। उनकी प्रस्तुतियों के आधार पर प्रत्येक राज्य की विभिन्न थीम-आधारित टीमें गठित की जाएंगी, जो राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए पात्र होंगी। - चौथा चरण: भारत मंडपम में विकसित भारत राष्ट्रीय चैम्पियनशिप
11 और 12 जनवरी 2025 को, नई दिल्ली के भारत मंडपम में विभिन्न राज्य स्तरीय टीमें राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में हिस्सा लेंगी। विजेता टीमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समक्ष ‘विकसित भारत’ के निर्माण पर अपने दृष्टिकोण और विचार प्रस्तुत करेंगी।
राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025 का स्वरूप
‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग – राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025’ में तीन प्रमुख समूहों के चयनित युवा भाग लेंगे: - पहला समूहः ‘विकसित भारत चैलेंज’ के माध्यम से चयनित प्रतिभागियों का होगा।
- दूसरा समूहः जिला और राज्य स्तरीय युवा महोत्सवों से उभरने वाली प्रतिभाओं का होगा, जो पेंटिंग, विज्ञान प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक प्रदर्शन, वाद-विवाद प्रतियोगिता आदि में भाग लेंगे।
- तीसरा समूहः विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिष्ठित युवा, जैसे उद्यमिता, खेल, कृषि, और प्रौद्योगिकी।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग – राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025′ से जुड़ी सभी जानकारियां और पंजीकरण की प्रक्रिया MY भारत प्लेटफॉर्म (https://mybharat.gov.in/) पर उपलब्ध है।
