तहसीलदार देवली द्वारा बैंक अधिकारियों को संभलाया गया कब्जा
जयपुर। राजस्थान ग्रामीण बैंक ने टोंक जिले के गाँव थाँवला के चूककर्ता ऋणी फर्म मैसर्स बालाजी ट्रेडिंग कम्पनी प्रो. श्रीमती मेम देवी जैन पत्नी प्रेमचन्द जैन के खिलाफ पुलिस प्रशासन के सम्पूर्ण सहयोग से सरफैसी अधिनियम 2002 के प्रावधानों के अन्तर्गत वसूली कार्यवाही करते हुए बैंक में बंधक आवासीय मकान को ताले लगाकर कुर्क किया गया।
तहसीलदार देवली दिनेश पारीक द्वारा उक्त सम्पत्ति का कब्जा नायब तहसीलदार श्रीमती शिमला मीणा एवं बाबूदास स्वामी तथा पटवारी गिर्राज नागर, तहसील कार्यालय देवली के स्टाफ सदस्यों, पुलिस थाना नासिरदा के थानाधिकारी व स्टाफ सदस्यों की उपस्थिति में यह कार्यवाही सम्पन्न हुई। राजस्थान ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय सवाई माधोपुर के क्षेत्रीय प्रमुख एवं प्राधिकृत अधिकारी के. के. सोनी तथा अधिकृत एजेन्सी एनफोर्समेन्ट एफिलिएट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों के निर्देशन में सम्पन्न हुई।
बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख / प्राधिकृत अधिकारी के. के. सोनी ने बताया कि ऋणी फर्म पर बैंक का लगभग 22.50 लाख रूपये बकाया है तथा सरफैसी अधिनियम 2002 के प्रावधानों के अन्तर्गत जारी नोटिस की तामील के पश्चात् भी ऋण का भुगतान नहीं होने पर बैंक ऋण की वसूली हेतु ऋणी फर्म की टोंक जिले के गाँव थाँवला में स्थित आवासीय सम्पत्ति को बैंक के कब्जे में लिया जाकर नीलामी कार्यवाही करना आवश्यक हो गया है।
अधिकृत एजेन्सी के प्रतिनिधि अधिवक्ता भोजराज सैनी ने बताया कि ऋणी फर्म के ऋण खाते में बैंक द्वारा प्रदत्त ऋण सुविधा का पुनर्भुगतान नहीं होने पर बैंक द्वारा बन्धक सम्पत्ति राजपूत मौहल्ला बड़ा थाँवला, ग्राम-थाँवला, तहसील-देवली, जिला-टोंक क्षेत्रफल 2677.50 वर्गफीट का वास्तविक कब्जा प्राप्त करने हेतु माननीय न्यायालय जिला मजिस्ट्रेट टोंक के आदेश दिनांकित 06/03/2025 प्राप्त किये गये। उक्त आदेश की पालना में तहसीलदार देवली द्वारा आज बंधक सम्पत्ति का कब्जा लिया जाकर बैंक को सुपुर्द किया गया।
कार्यालय पुलिस अधीक्षक टोंक के द्वारा कब्जे के दौरान पर्याप्त पुलिस जाप्ता मुहैया कराया गया। उक्त कार्यवाही तहसीलदार देवली एवं पुलिस प्रशासन के सम्पूर्ण सहयोग से संभव हुई। आज की इस कार्यवाही की चर्चा स्थानीय ग्रामवासियों के बीच प्रमुखता से की गई। ग्रामवासियों का यह कथन था कि उन्होंने इस प्रकार की कार्यवाही आज दिनांक तक भी नहीं देखी। कुछ चूककर्ता ऋणीयों ने शाखा प्रबन्धक से सम्पर्क कर शीघ्र ही बकाया राशि जमा करवाने का आश्वासन दिया।
राजस्थान ग्रामीण बैंक द्वारा थाँवला गाँव में स्थित आवासीय सम्पत्ति का लिया गया कब्जा
