जयपुर। राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय का “18वां स्थापना दिवस” एवं “अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस” आगामी 10 मार्च को विश्वविद्यालय परिसर में भव्य एवं गरिमामय रूप से आयोजित किया जाएगा। आपको बता दे कि इस वर्ष ये दोनों महत्वपूर्ण आयोजन संयुक्त रूप से एक ही मंच पर संपन्न होंगे जो विश्वविद्यालय की समावेशी एवं प्रगतिशील सोच का प्रतीक है।
बड़े पैमाने पर आयोजित इस समारोह में माननीय सदस्य सचिव, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, नई दिल्ली प्रो. सच्चिदानंद जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं अपर सचिव, उच्च शिक्षा विभाग, भारत सरकार आनंदराव वी. पाटिल विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे तथा सेवा न्यास उत्थान फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. स्वाति गोयल शर्मा सम्मानित अतिथि के रूप में समारोह में सहभागिता करेंगी।
विश्वविद्यालय के 18वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर वर्ष 2026 में नामित राजस्थान के तीन पद्मश्री अलंकरण प्राप्त व्यक्तित्वों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए “जीवन साधना गौरव पुरस्कार” से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही, गहन एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के पश्चात विश्वविद्यालय के चयनित संकाय सदस्यों को “बेस्ट टीचर” तथा “बेस्ट रिसर्चर अवार्ड” प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम के दूसरे चरण में “अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस” के अवसर पर तीन श्रेणियों — महिला वैज्ञानिक पुरस्कार, सामाजिक प्रभाव पुरस्कार एवं महिला उद्यमिता पुरस्कार — प्रदान किए जाएंगे। इन पुरस्कारों के लिए चयनित प्रतिभाओं का चयन विश्वविद्यालय द्वारा पारदर्शी एवं गहन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने बताया कि – यह आयोजन हमारे संस्थान की निरंतर प्रगति, समावेशिता और सामाजिक प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है। यह अवसर उन प्रतिभाशाली एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मानित करने का भी है जिन्होंने अपने कार्यों से समाज और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
आपको बता दे कि विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर “जीवन साधना गौरव पुरस्कार” तथा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान करने की यह सामाजिक पहल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद भालेराव द्वारा प्रारंभ की गई है, जो पिछले चार वर्षों से निरंतर जारी है।
इस भव्य एवं गरिमामय आयोजन में आमंत्रित अतिथियों के अतिरिक्त विश्वविद्यालय के सभी अधिकारीगण, शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहेंगे।
राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में 10 मार्च को आयोजित होगा 18वां स्थापना दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह
