जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा रविवार, 11 अगस्त 2024 को लिपिक ग्रेड-।।/ कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2024 का आयोजन किया जाएगा। भर्ती परीक्षा का आयोजन दो पारियों (प्रथम पारी प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे एवं द्वितीय पारी दोपहर 3 बजे से सांय 6 बजे तक ) जयपुर शहर के 84 केन्द्रों पर होगा जिसमें कुल 23 हजार 907 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि परीक्षा के सुचारू एवं सफल संचालन के लिये कलक्ट्रेट के कमरा नंबर 116 में एक नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है जिसका संचालन 9 अगस्त से 11 अगस्त, 2024 तक किया जाएगा। उक्त परीक्षा के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर (पूर्व) श्रीमती सुमन पंवार को जिला समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया है।
नियंत्रण कक्ष 09 अगस्त एवं 10 अगस्त को प्रातः 10 बजे से सांय 5 बजे तक कार्य करेगा। वहीं, 11 अगस्त को प्रातः 7 बजे से परीक्षा समाप्ति उपरान्त नियंत्रण कक्ष से संबंधित समस्त कार्य पूर्ण होने तक कार्य करेगा। परीक्षा के लिए प्रत्येक पारी में 84 उप समन्वयक एवं 14 उड़नदस्तों का तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि जयपुर स्थित परीक्षा केन्द्रों के लिए नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 0141-2206699 रहेगा। उक्त नियंत्रण कक्ष पर जयपुर में स्थापित किये गए परीक्षा केन्द्रों से संबंधित जानकारियां प्रदान की जाएंगी एवं जयपुर स्थित परीक्षा केंद्रों से संबंधित शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि परीक्षा के आयोजन के लिए पुलिस, नगर निगम, यातायात पुलिस, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, नागरिक सुरक्षा विभाग, विद्युत विभाग, रोडवेज, जेसीटीसीएल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई है।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा 11 अगस्त, 2024 को आयोजित होगी परीक्षा
