जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेताओं की ओर से गैस, तेल और खाद्य सामग्री की कमी को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को भ्रामक और तथ्यहीन बताते हुए कहा कि प्रदेश में किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ फैलाकर जनता में डर और भ्रम का वातावरण बनाने का प्रयास कर रही है, जो उनकी पुरानी राजनीतिक परिपाटी रही है।
मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि बिना तथ्यों की पुष्टि किए लगातार अनर्गल बयानबाजी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता आपदा में अवसर तलाशने की राजनीति करते हैं और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी जनता को डराकर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर आपूर्ति शृंखला से जुड़ी चुनौतियां अवश्य उत्पन्न हुई हैं, लेकिन भारत सरकार की दूरदर्शी नीतियों और मजबूत तैयारियों के कारण देश पर इसका प्रभाव बेहद सीमित रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक कदम उठा रही है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने स्पष्ट किया कि खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रख रहा है। कहीं भी ऐसी गतिविधियों की सूचना मिलने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जा रही है। भारत के पास गैस और तेल के पर्याप्त भंडार उपलब्ध हैं और प्रदेश में भी गैस, तेल तथा खाद्य सामग्री की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता जानबूझकर ऐसा माहौल बना रहे हैं जिससे आमजन में घबराहट फैले और लोग अनावश्यक रूप से वस्तुओं का भंडारण करने लगें।
उन्होंने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि उनके शासनकाल में रसोई गैस के लिए लंबी कतारें लगती थीं और ग्रामीण क्षेत्रों में मात्र 10 प्रतिशत परिवारों के पास ही गैस कनेक्शन था, जबकि आज यह संख्या 90 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। भाजपा सरकार ने उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से घर-घर गैस पहुंचाकर माताओं और बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाई है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि राजस्थान में भाजपा की डबल इंजन सरकार 61 लाख से अधिक परिवारों को मात्र 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री ने स्वयं अधिकारियों की बैठक लेकर आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की है और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। एहतियात के तौर पर रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों के लिए रासायनिक उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और प्रदेश में पर्यटन, हस्तशिल्प, वस्त्र उद्योग सहित अन्य उद्योग सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। कांग्रेस द्वारा श्वेत पत्र की मांग को उन्होंने राजनीतिक नौटंकी बताते हुए कहा कि सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है और सभी आंकड़े सार्वजनिक हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का राजनीतिक एजेंडा केवल डर और अफवाह फैलाने पर आधारित है, जबकि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य देश के 140 करोड़ नागरिकों के हितों की रक्षा करना और भारत को मजबूत बनाना है। राजस्थान की डबल इंजन सरकार हर परिस्थिति में आमजन के साथ मजबूती से खड़ी है और प्रदेश में किसी भी प्रकार का संकट उत्पन्न नहीं होने दिया जाएगा।
प्रदेश में भी गैस, तेल तथा खाद्य सामग्री की कोई कमी नहीं: मदन राठौड
