दो चरणों का कार्य किया पूर्ण, शेष तीन चरणों का कार्य प्रगति पर
क्षतिग्रस्त सड़कों की करवाई जा रही है मरम्मत
जेडीए द्वारा मुख्यमंत्री महोदय के निर्देशों पर सांगानेर क्षेत्र में 230 करोड रूपये के सीवरेज कार्य किए स्वीकृत
जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा माननीय मुख्यमंत्री महोदय एवं माननीय नगरीय विकास मंत्री महोदय के निर्देशन में पृथ्वीराज नगर क्षेत्र में 130 करोड़ से 5 पैकेजो में सीवर लाइन डालने का कार्य करवाया जा रहा है। जेडीए द्वारा दो चरणों का कार्य पूर्ण कर लिया गया है एवं शेष तीन चरणों का कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही सीवर लाइन डालने से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य भी त्वरित गति से करवाया जा रहा है।
जयपुर विकास आयुक्त मंजू राजपाल ने बताया कि पृथ्वीराज नगर दक्षिण में सीवर कार्य हेतु 130 करोड रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर कार्यादेश जारी किए गए हैं। उक्त कार्य 5 पैकेजो में करवाए जाने के लिए अलग-अलग कार्यादेश जारी किए गए हैं।
प्रथम पैकेज में सीवर के पूर्ण कार्य- मय सड़क मरम्मत का कार्य पूर्ण किया गया है। इसमें इस्कॉन रोड से रीको कांटा तक की समस्त पीआरएन की कॉलोनियों में कार्य किया गया है।
दितीय पैकेज में इस्कॉन रोड से मांग्यावास रोड तक की सभी कॉलोनीयों में सीवर लाइन डालने का कार्य किया गया है। इसमें 71 किलोमीटर का कार्य पूर्ण कर 21 किलोमीटर सड़क जीएसबी एवं डब्ल्यूबीएम एवं 3.5 किलोमीटर सड़क पर डामर का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
शेष पीआरएन क्षेत्र में तीन पैकेजों में 107 किलोमीटर सीवर डालने का कार्य किया जा रहा है। इस क्षेत्र में 10 किलोमीटर जीएसबी एवं डब्ल्यूबीएम से सड़क मरम्मत की जा चुकी है। अभियांत्रिकी निदेशक प्रथम देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में सीवर लाइन डालने का कार्य बारिश के कारण रोक दिया गया है। जीएसबी एवं डब्ल्यूबीएम से सड़क मरम्मत का कार्य प्रगति पर है। वर्षा के कारण होने वाले गड्डो को जीएसबी एवं डब्ल्यूबीएम से भरवारा जा रहा है।
पीआरएन क्षेत्र में जलदाय विभाग द्वारा पानी की लाइन डालने का कार्य भी किया जा रहा है। इस कारण जहां पानी की लाइन डाली नहीं गई है। उन स्थानों पर सड़क मरमत के कार्य में देरी हुई है। पूर्व में कोलोनियो में सीवर लाइन एवं पानी की लाइन डालने के कारण सड़कों का निर्माण नहीं करवाया जा रहा था। वर्तमान में सीवर लाइन एवं पानी की लाइन डालने के पश्चात् सड़कों का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है।
सीवर लाइन नहीं होने के कारण आम जनता द्वारा घरों का पानी (वेस्ट वाटर) सड़कों पर छोड़ा जा रहा था। जिसके कारण कई स्थानों पर जल भराव की समस्या उत्पन्न हो रही थी। सीवर लाइन चालू होने के पश्चात इस समस्या का निदान हो जायगा। सीवर लाइन डालने के उपरांत प्राप्त शिकायतो का तुरंत प्रभाव से निस्तारण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पृथ्वीराज नगर क्षेत्र के अतिरिक्त माननीय मुख्यमंत्री महोदय द्वारा प्रदत्त निर्देषों की अनुपालना में जेडीए द्वारा सांगानेर क्षेत्र हेतु 230 करोड रूपये के सीवरेज कार्य स्वीकृत किये गये है। जेडीए द्वारा प्रथम चरण में 90 करोड की लागत से स्वर्ण विहार में 30 एमएलडी एसटीपी एवं ट्रंक लाईन का कार्य करवाये जायेंगे। इस हेतु निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी है। शेष के लिए कंसलटेंसी का कार्य किया जा रहा है।
पृथ्वीराज नगर क्षेत्र: 130 करोड़ से 5 पैकेजो में करवाया जा रहा है सीवर लाइन डालने का कार्य
