जयपुर/करौली। जिले की मासलपुर थाना पुलिस की टीम ने रात्रि गस्त के दौरान एक बोलेरो गाड़ी में सवार तीन बदमाशों को किसी बड़ी वारदात की फिराक में घूमते गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने दो अवैध देशी कट्टे और तीन कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार बदमाशों से पुलिस हथियारों की खरीद फरोख्त के संबंध में पूछताछ कर रही है।
एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि देर रात मासलपुर थाने से एएसआई विभीषण, हेड कांस्टेबल परमजीत सिंह, कांस्टेबल सचिन, उदय भान व चालक सोनवीर गश्त पर निकले थे। इसी दौरान एसएचओ नीरज कुमार शर्मा को मुखबिर से बोलेरो सवार बदमाशों के पास अवैध हथियार होने की सूचना मिली।
सूचना पर गश्त पर निकली थाना पुलिस की टीम द्वारा गाधौली मोड़ पहुंच नाकाबंदी की गई। इसी दौरान मासलपुर कस्बे की ओर से एक सफेद बोलेरो आई हुई दिखाई दी। रुकने का इशारा करने पर बोलेरो चालक ने गाड़ी को गाधौली की तरफ भगाने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेर कर गाड़ी को रुकवा लिया। बोलेरो चालक और पास बैठे दो युवक पुलिस को देख घबरा गए।
पुलिस ने गाड़ी में बैठे तीनों युवकों की तलाशी ली तो उनके पास एक अवैध देशी कट्टा 315 बोर, एक अवैध देशी कट्टा 12 बोर और तीन जिंदा कारतूस 315 बोर के मिले। इस पर तीनों युवकों एसवीर गुर्जर पुत्र राजवीर (26) निवासी बैनपुरा थाना कंचनपुर जिला धौलपुर, सचिन गुर्जर पुत्र श्रीभान (19) निवासी बड़रिया थाना नांदनपुर जिला धौलपुर एवं कृष्ण गुर्जर पुत्र रामनाथ (30) निवासी निधारा थाना सदर बाड़ी जिला धौलपुर को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।
देर रात वारदात की फिराक में घूम रहे तीन बदमाश अवैध हथियार समेत गिरफ्तार, दो देशी कट्टे, तीन कारतूस सहित बोलेरो गाड़ी जब्त
