जयपुर। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी हवाओं के असर से 48 घंटों में दिन और रात के तापमान में गिरावट का अनुमान है। सीकर में मध्यरात्रि से हवाओं की गति तेज हो गई और ओस गिरने से नमी भी बढ़ गई। इसका असर सुबह के समय कोहरे के रूप में देखने को मिला, जिससे दृश्यता महज कुछ मीटर रह गई। सीकर और आसपास के क्षेत्रों में सड़कों पर कोहरा छाया रहा और वाहन रेंगते हुए चले।
मौसम विभाग ने राजस्थान के 3 जिलों में 72 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तरी हवाओं की स्पीड बढ़ने से राजस्थान में शीतलहर और कोहरे का असर भी बढ़ सकता है। इस दौरान सीकर, झुंझुनूं और चूरू जिलों में ठंड बढ़ेगी। खासतौर पर शेखावाटी क्षेत्र में तापमान गिरने की संभावना है। विभाग के अनुसार ओस गिरने और कोहरे के कारण दृश्यता कम हो सकती है।
मौसम विभाग ने शीतलहर और कोहरे के चलते राजस्थान में सर्दी बढ़ने की संभावना जताई है। फतेहपुर में अधिकतम तापमान 26 डिग्री व न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री और सीकर में अधिकतम तापमान 26 डिग्री व न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया। शेखावाटी क्षेत्र और माउंट आबू में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिलेगा।
तापमान में होगी गिरवाट: मौसम विभाग
