जयपुर। भरतपुर पुलिस ने प्रीडीएलएड (Pre-D.El.Ed) परीक्षा में एक बड़ी धांधली का पर्दाफाश करते हुए एक डमी अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद के निर्देश पर की गई, जिसके बाद आरोपी को धौलपुर से पकड़ा गया। एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि यह घटना 1 जून 2025 को हुई थी। भरतपुर के रंजीत नगर में स्थित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में चल रही प्रीडीएलएड परीक्षा के दौरान पार्थ नामक मूल अभ्यर्थी के स्थान पर अनिल कुमार नामक एक डमी अभ्यर्थी परीक्षा देते हुए पाया गया।
इस धांधली का पता चलने पर धौलपुर जिले के निहालगंज थाने में एक जीरो नंबरी एफआईआर दर्ज की गई, जिसे बाद में भरतपुर के कोतवाली थाने में ट्रांसफर कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतीश यादव के सुपरविजन में एक टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने गहनता से जांच और पूछताछ की। आरोपी अनिल कुमार ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने पार्थ पुत्र लखपत सिंह के स्थान पर परीक्षा दी थी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार पुत्र बनवारी लाल (26) निवासी अतरौली धौलपुर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मूल अभ्यर्थी पार्थ की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इस तरह के फर्जीवाड़े में शामिल लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी विनोद कुमार, कांस्टेबल विवेन्द्र सिंह, कांस्टेबल जगदी सिंह और कांस्टेबल प्रकाश चंद शामिल थे।
डमी अभ्यर्थी गिरफ्तार: प्रीडीएलएड परीक्षा में मूल अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहा था आरोपी
