जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा जोन-14 में गैर अनुमोदित योजना श्री महावीर नगर में जेडीए की बिना अनुमति एवं स्वीकृति के बने 24 अवैध विलाओं की पुख्ता सीलिंग की कार्यवाही की गई। जोन-13 में निजी खातेदारी करीब 12 बीघा कृषि भूमि पर 02 नवीन अवैध कॉलोनियों को पूर्णतः ध्वस्त किया गया। कानोता, गीला की नांगल में गैर मुमकिन नाले की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया।
उप महानिरीक्षक पुलिस, राहुल कोटोकी ने बताया कि जोन-14 के क्षेत्राधिकार में अवस्थित ग्राम सुखदेवपुरा, कल्लावाला, चन्दलाई रोड़, तहसील सांगानेर, जिला जयपुर में गैर अनुमोदित योजना महावीर नगर में जेडीए की बिना अनुमति एवं स्वीकृति के 24 अवैध विलाओं का निर्माण किये जाने पर पर निर्माणकर्ता को धारा 32, 33 जेडीए एक्ट के तहत नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने हेतु पाबंद किया गया था। परन्तु निर्माणकर्ता द्वारा अवैध निर्माण नहीं हटाने पर सक्षम स्तर से स्वीकृति प्राप्त कर धारा 34 (क) का नोटिस जारी कर उप महानिरीक्षक राहुल कोटोकी के निर्देशन में उपनियंत्रक प्रवर्तन अनूपसिंह, प्रवर्तन अधिकारी जोन-14, 09 की मौजूदगी में आज उक्त अवैध 24 विलाओं के प्रवेश द्वारों, खिडकियों, गेटों को इंजीनियरिंग शाखा की मदद से ईटों की दीवारों से चुनवाकर ताला सील चपडी लगाकर नियमानुसार पुख्ता सीलिंग की कार्यवाही की गई।
जोन-13 के क्षेत्राधिकार में अवस्थित ग्राम बस्सी, जिला जयपुर में बलराम सरकारी स्कूल के पास करीब 02 बीघा निजी खातेदारी कृषि भूमि पर बिना स्वीकृति-अनुमोदन के एवं बिना भू रूपान्तरण करवायें भूमि को समतल कर ‘‘श्याम एन्कलेव’’ के नाम से बनाई गई मिट्टी-ग्रेवल सड़कें, प्लॉटों की बाउण्ड्रीवल व अन्य अवैध निर्माण कर नवीन अवैध कॉलोनी बसाने की सूचना प्राप्त होने पर उप महानिरीक्षक राहुल कोटोकी के निर्देशन में आज जोन-13 के राजस्व व तकनीकी स्टॉफ की निशादेही पर प्रवर्तन दस्ते द्वारा जेसीबी मशीन व मजदूरों की सहायता से प्रारिम्भक स्तर पर ही ध्वस्त किया जाकर नवीन अवैध कॉलोनी बसाने के प्रयास को विफल किया गया।
जोन-13 के क्षेत्राधिकार में अवस्थित ग्राम मानसरखेडी, तहसील बस्सी, जिला जयपुर के खसरा नं. 461 में करीब 10 बीघा निजी खातेदारी कृषि भूमि पर बिना स्वीकृति-अनुमोदन के एवं बिना भू रूपान्तरण करवायें भूमि को समतल कर उक्त कृषि भूमि में जेडीए स्वामित्व की सरकारी भूमि को सम्मिलित करते हुये बनाई गई मिट्टी-ग्रेवल सड़कें, प्लॉटों की बाउण्ड्रीवल, पत्थरगढ़ी व अन्य अवैध निर्माण कर नवीन अवैध कॉलोनी बसाने की सूचना प्राप्त होने पर उप महानिरीक्षक राहुल कोटोकी के निर्देशन में आज जोन-13 के राजस्व व तकनीकी स्टॉफ की निशादेही पर प्रवर्तन दस्ते द्वारा जेसीबी मशीन व मजदूरों की सहायता से प्रारिम्भक स्तर पर ही ध्वस्त किया जाकर नवीन अवैध कॉलोनी बसाने के प्रयास को विफल किया गया।
जोन-13 के क्षेत्राधिकार में अवस्थित ग्राम कानोता, गीला की नांगल, जिला जयपुर के खसरा नं. 216 गैर मुमकिन सरकारी नाले की भूमि पर अतिक्रमण कर बनाई गई बाउण्ड्रीवाल, कांटों की झाडियां लगाकर किये गये अतिक्रमणों को उप महानिरीक्षक राहुल कोटोकी के निर्देशन में आज जोन-13 के राजस्व व तकनीकी स्टॉफ की निशादेही पर प्रवर्तन दस्ते द्वारा जेसीबी मशीन व मजदूरों की सहायता से ध्वस्त कर गैर मुमकिन नाले की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया।
उक्त कार्यवाहियां मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन आदर्श चौधरी के पर्यवेक्षण में उपनियंत्रक प्रवर्तन-द्वितीय, चतुर्थ, प्रवर्तन अधिकारी जोन-14, 13 तथा प्राधिकरण में उपलब्ध जाप्ते, लेबर गार्ड एवं जोन में पदस्थापित राजस्व व तकनीकी स्टॉफ की निशादेही पर प्रवर्तन दस्ते द्वारा सम्पादित की गई।
जोन-14 में 24 अवैध विलाओं को किया सील: दो अवैध कॉलोनियों को किया ध्वस्त
