जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण ने नागरिकों की सुविधा और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बुधवार से ई-जनसुनवाई प्रणाली का शुभारंभ किया है। जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने पदभार ग्रहण करने के बाद इस नवाचार की घोषणा की थी, जिसे बुधवार को प्रभावी रूप से लागू कर दिया गया।
अब तक नागरिकों को अपनी शिकायतों और समस्याओं के निवारण के लिए व्यक्तिगत रूप से जेडीए कार्यालय आना पड़ता था। इससे न केवल उनका समय व्यर्थ होता था, बल्कि एक ही काम के लिए बार-बार अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते थे। इन समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण ने यह डिजिटल पहल शुरू की है।
इस नई व्यवस्था के तहत नागरिक अपनी शिकायतें ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दर्ज करा रहे है। शिकायत दर्ज होने के बाद उसे संबंधित जोन या प्रकोष्ठ को भेजा जा रहा है। आवश्यक कार्यवाही के उपरांत प्रार्थी की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जा रही है।
इस दौरान एक तरफ प्रार्थी और दूसरी तरफ जेडीए जोन उपायुक्त एवं प्रकोष्ठ प्रभारी है, जो समस्या सुनकर उसका यथोचित समाधान कर रही है। संपूर्ण कार्यवाही की रिकॉर्डिंग की जा रही है और निस्तारण की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक की जा रही है। इसके साथ ही जेडीसी सिद्धार्थ महाजन द्वारा भी चिंतन सभागार से अधिकारियों द्वारा की जा रही ई जनसुनवाई की मॉनिटरिंग की गई। उल्लेखनीय है कि अधिकारियों द्वारा ई जनसुनवाई के माध्यम से आमजन के प्रकरणों का निस्तारण किस प्रकार से किया जा रहा है, पर वरिष्ठ अधिकारीगणों के साथ जेडीसी स्वयं निगरानी कर रहे है।
सोमवार, 07 जनवरी 2026 को इस प्रणाली की शुरुआत के साथ ही जोन-5, जोन-9 और प्रवर्तन शाखा में कई मामलों की सुनवाई की गई। जोन-5 उपायुक्त द्वारा की गई ई-जनसुनवाई में एक आवेदक को भूखंड संख्या में भिन्नता के कारण बैंक लोन लेने में आ रही समस्या को सुना गया, जिस पर उपायुक्त ने आगामी दो दिवस में निस्तारण का आश्वासन दिया। इसी प्रकार जोन-9 उपायुक्त ने भी आवेदकों की समस्याओं को सुनकर उन्हें शीघ्र निस्तारण के लिए आश्वस्त किया गया।
इसके अलावा मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन द्वारा अतिक्रमण की एक शिकायत पर सुनवाई की गई। प्रार्थी ने बताया कि जेडीए के प्रवर्तन अधिकारी द्वारा समयबद्ध रूप से अतिक्रमण हटवाया गया है और वे जेडीए द्वारा की गई कार्यवाही से पूर्णतः संतुष्ट हैं।
जेडीए के जोन — 5 में कुल 7 प्रकरणों, जोन — 9 में कुल 3 प्रकरणों की ई—जनसुनवाई की गई, समस्त प्रकरणों का निस्तारण कर दिया गया है एवं आवेदक/शिकायतकर्ता ने संतुष्टि व्यक्त करते जेडीए की इस ई जनसुनवाई के नवाचार की सराहना की।
जेडीए में डिजिटल युग की शुरुआत: ई-जनसुनवाई प्रणाली लागू, अब घर बैठे हो रहा है समस्याओं का समाधान
