जयपुर। राज्य सरकार के 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा शहरी समस्या समाधान शिविर-2025 का आयोजन किया जा रहा है।
जयपुर विकास आयुक्त आनंदी ने बताया कि शिविर दिनांक 16.12.2025 से 24.12.2025 तक (दिनांक 21.12.2025 रविवार को छोड़कर) जेडीए परिसर स्थित नागरिक सेवा केंद्र में प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशों की पालना में आयोजित इस शिविर में शहरी सेवा शिविर-2025 तथा शहरी सेवा अनुवर्ती शिविर के लम्बित प्रकरण, दिनांक 18.10.2025 से 02.11.2025 के दौरान प्राप्त आवेदन, दिनांक 08.11.2025 से 15.12.2025 के दौरान प्राप्त नवीन आवेदन तथा संपर्क पोर्टल, मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव कार्यालय एवं जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा।
शिविर में प्रतिदिन अलग-अलग जोन के प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी जिसका विवरण इस प्रकार है: दिनांक 16.12.2025 को जोन 3, 4, 5, 6, 7 दिनांक 17.12.2025 को जोन- 4,5,6, 7 एवं पीआरएन—उत्तर, दिनांक 18.12.2025 को जोन-2, 7, 8, पीआरएन-उत्तर/दक्षिण एवं 17 दिनांक 19.12.2025 को जोन—7, 8, 14, 17, 19, पीआरएन-दक्षिण; दिनांक 20.12.2025 को जोन-1, 9, 10, 11, 12, 14; दिनांक 22.12.2025 को जोन-9, 10, 11, 12, 13, 14; दिनांक 23.12.2025 को जोन-9, 11, 12, 13, 14, 22 तथा दिनांक 24.12.2025 को जोन-11, 12, 13, 22, 24 के प्रकरणों की सुनवाई नागरिक सेवा केन्द्र, जविप्रा परिसर में की जाएगी।
शिविर में लम्बित प्रकरणों के आवेदकों को उपस्थित होने के लिए मोबाइल मैसेज एवं फोन के माध्यम से टाइम स्लॉट की सूचना दी जाएगी। आवेदकों की सहायता के लिए प्रतीक्षा स्थल पर उपायुक्त (नागरिक सेवा केंद्र) द्वारा हैल्प डेस्क और आईटी शाखा द्वारा ई-मित्र की स्थापना की जाएगी। प्रतीक्षा स्थल में आगन्तुक आवेदकों के लिए जोन-वार बैठने की व्यवस्था की गई है।
शिविर के दौरान निष्पादित कार्यों से संबंधित दस्तावेजों पर शहरी समस्या समाधान शिविर-2025 की विशेष मोहर अंकित की जाएगी। शिविर के सफल संचालन के लिए अतिरिक्त आयुक्त (प्रशासन) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। शिविर का समय शाम 5:00 बजे तक रहेगा लेकिन कार्य अपूर्ण रहने की स्थिति में कार्य समाप्ति तक शिविर जारी रहेगा।
जेडीए द्वारा 16 से 24 दिसंबर तक शहरी समस्या समाधान शिविर-2025 का आयोजन
