जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण ने आगामी दक्षिणी पश्चिमी मानसून के मद्देनजर बाढ़ से बचाव के लिए आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। इस वर्ष भी केन्द्रियकृत बाढ़ नियंत्रण कक्ष अग्निशमन केन्द्र, बनीपार्क में दिनांक 15 जून 2025 से 30 सितंबर 2025 तक स्थापित किया गया है।
जयपुर विकास आयुक्त आनंदी ने बताया कि बाढ़ नियंत्रण के लिए आवश्यक संसाधनों की तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। जिसमें लेबर आपूर्ति, 35 एच.पी. ट्रैक्टर मय ब्लेड, 35 एच.पी. ट्रैक्टर मय ट्रॉली, 5 एच.पी. डीजल पंप, 20 और 50 एच.पी. मड पंप, सीमेंट के खाली बैग, मिट्टी भरने का कार्य, हाइड्रोलिक पोकलेन मय पेट्रोल और ड्राइवर, जेसीबी, डंपर, एक पिकअप और एक जीप शामिल हैं।
जविप्रा द्वारा बाढ़ नियंत्रण हेतु केन्द्रिय बाढ़ नियंत्रण केन्द्र के अतिरिक्त, आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गत वर्ष की अधिक वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए तीन उप बाढ़ नियंत्रण केन्द्र के स्थान पर इस वर्ष आठ उप बाढ़ नियंत्रण केन्द्र स्थापित किए गए हैं। ये केन्द्र स्वेज फार्म कम्युनिटी सेंटर जोन 5, वैशाली नगर कम्युनिटी सेंटर जोन 7, दांतली जोन-9 और विद्याधरनगर सेक्टर-4 में निर्मित सामुदायिक केन्द्रों में स्थापित होंगे।
इसके साथ ही अधिशाषी अभियन्ता जोन—2, सामुदायिक केन्द्र सायपुरा, अधिशाषी अभियन्ता जोन—8 सामुदायिक केन्द्र पालड़ी मीणा, अधिशाषी अभियन्ता जोन—10 मुहाना मण्डी, अधिशाषी अभियन्ता जोन—11 एवं हाथोज जेडीए स्कीम, अधिशाषी अभियन्ता जोन—12ए सहित बढ़ाकर आठ स्थानों पर स्थापित किये जा रहे हैं, जो कि गत वर्ष तीन उप बाढ़ नियंत्रण केन्द्र स्थापित किये गये थे।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के संचालन के लिए जेडीए के अधिकारियों और कर्मचारियों की आठ-आठ घंटे की पारी में ड्यूटी लगाई गई है। मुख्य प्रभारी अधिकारी, अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, कनिष्ठ सहायक, मिस्त्री आदि की ड्यूटी बनीपार्क केन्द्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष में रहेगी।
इसके अलावा, बाढ़ नियंत्रण से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए आमजन हेतु जविप्रा का हेल्पलाइन नंबर 8005631231 भी उपलब्ध है। जयपुर विकास प्राधिकरण सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे मानसून के दौरान सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन का उपयोग करें। जेडीए आमजन की सेवा में पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
जेडीए दक्षिणी-पश्चिमी मानसून और बाढ़ नियंत्रण के लिए हुआ तैयार, बाढ़ नियंत्रण कक्ष किया स्थापित
