जयपुर। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा एवं नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा के मार्गदर्शन में जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2025 तक ‘सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत “शहरी सेवा शिविर” का आयोजन किया जायेगा। जयपुर विकास आयुक्त आनंदी ने बताया कि जेडीए द्वारा ये शिविर अनुमोदित योजनाओं/कॉलोनियों की जन समस्याओं के निराकरण और जेडीए की विभिन्न सेवाओं की समयबद्ध अदायगी हेतु लगाये जा रहे है।
आयोजित शिविरों में होने वाले मुख्य कार्य:
- अनुमोदित योजनाओं के पट्टे, उप विभाजन-पुनर्गठन/भू—उपयोग परिवर्तन/नामान्तरण/लीज मुक्ति प्रमाण पत्र/भवन निर्माण स्वीकृति आदि प्रकरणों के निस्तारण का कार्य
- लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड पट्टे जारी करना
- ओ.एफ.सी., मोबाइल टावर, एन.ओ.सी. और रोड कट जैसी अनुमतियां प्रदान करना
- राज्य सरकार, जिला प्रशासन, जन प्रतिनिधियो और नगरीय निकायों द्वारा निर्धारित अन्य कार्य
शिविर 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2025 तक, सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।
प्रत्येक जोन के लिए तिथियाँ अलग-अलग निर्धारित की गई हैं जिससे सभी नागरिक अपनी सुविधानुसार शिविर का लाभ उठा सकेंगे।
तिथियाँ:
जोन 1, 2, 4, 9, 10: दिनांक 17,18,19,20 सितंबर, 2025 : नागरिक सेवा केंद्र, जेडीए परिसर, जयपुर
जोन 3, 7, 8, 11, 13, 14: दिनांक 23,24,25,26 सितंबर, 2025 : नागरिक सेवा केंद्र, जेडीए परिसर, जयपुर
जोन 5, 6, 12 : दिनांक 01,03,06,07 अक्टूबर, 2025 : नागरिक सेवा केंद्र, जेडीए परिसर, जयपुर
जोन पीआरएन (उत्तर-I/II): दिनांक 08,09,10 अक्टूबर, 2025 : जोन कार्यालय चित्रकूट, जयपुर
जोन पीआरएन (दक्षिण-I/II): दिनांक 14,15,16,17 अक्टूबर, 2025 : जोन कार्यालय पत्रकार कॉलोनी, मानसरोवर, जयपुर
शिविर के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों का निपटारा शिविर के दिनों में ही करने का प्रयास किया जाएगा। शिविर से पहले प्री कैम्प की अवधि में 4 से 16 सितंबर, 2025 तक प्राधिकरण के जोन कार्यालयों में भी आवेदन लिए जा रहे हैं, जिनका निस्तारण मुख्य कैम्प के दौरान ही किया जाएगा।
साथ ही नगर निगम ग्रेटर और हेरिटेज द्वारा वार्डों में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक लगाए जाने वाले शिविरों में भी जेडीए के संबंधित जोन के इंजीनियर मौजूद रहेंगे, जो जेडीए क्षेत्राधिकार की अनुमोदित योजनाओं की सड़क मरम्मत, सीवर, स्ट्रीट लाइट, नाली मरम्मत आदि आदि की समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे। इस हेतु जेडीए के समाधान मोबाइल एप का भी प्रयोग किया जाएगा।
सेवा पखवाड़ा हेतु जेडीए अतिरिक्त आयुक्त (प्रशासन) प्रिया बलराम शर्मा को नोडल अधिकारी एवं संयुक्त आयुक्त (सिस्टम मैनेजमेंट) सुभाष चंद बोहरा को सह-नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जयपुर विकास प्राधिकरण आम नागरिकों से अपील करता है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अपनी लंबित समस्याओं/आवेदनों का समाधान पाये। यह शिविर जनता को बेहतर और पारदर्शी सेवाएँ प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
