जयपुर/बारां। बारां जिले की थाना अन्ता पुलिस ने चोरी-नकबजनी की वारदातों में शामिल गिरोह के सक्रिय शातिर बदमाश मिथुन उर्फ सुनील मोग्या पुत्र कबड्या (24) निवासी गोळ्याहेड़ी थाना कैथून जिला कोटा ग्रामीण को गिरफ्तार कर एक देशी कट्टा व दो कारतूस जब्त करने में सफलता हासिल की है। एसपी राजकुमार चौधरी ने बताया कि अवैध कार्यों की रोकथाम एवं वांछित अपराधियों की धर पकड़ के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे हैं अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी व सीओ शोजी लाल के सुपरविजन एवं एसएचओ दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में गठित की गई विशेष टीम द्वारा नाकाबंदी व गश्त कर आसूचना संकलन की जा रही है।
इसी बीच गश्त के दौरान एक युवक पुलिस की गाड़ी को देख भागने लगा, जिसे घेर कर पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपी मिथुन उर्फ सुनील मोग्या की तलाशी ली गई तो उसके पास एक अवैध देशी कट्टा और दो कारतूस मिले। मामले में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी मिथुन के विरुद्ध राज्य के कई थानों में चोरी-नकबजनी के करीब 16 प्रकरण दर्ज है। जोधपुर, कोटा ग्रामीण, बूंदी, बारां इत्यादि कई जिलों में यह वांछित है। गिरफ्तार आरोपी गैंग बनाकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता है, जिससे अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
चोरी-नकबजनी की वारदातों में लिप्त शातिर बदमाश एक देशी कट्टा व दो जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार
