जयपुर। खुशी से शोर मचाते, कठपुतली को अपने हाथ से छूकर रोमांचित होते और कच्छी घोड़ी की ताल पर थिरकते बच्चों का उत्साह तब चरम पर हो गया जब कठपुतली बनी अनारकली उनके बीच आकर नाचने लगी।
यह नजारा था नई पीढ़ी को लोक संस्कृति से रूबरू कराने वाले आयोजन संगत का पीपुल्स मीडिया थिएटर के बैनर तले राजस्थान फॉरम और श्री सीमेंट के सहयोग से आयोजित संगत – 15 में मान्यावास के श्री राम यूनिवर्सल विद्यालय के बच्चों के सामने शक्ति कठपुतली भाट और उसके साथियों ने काठ के रंग,बच्चों के संग कार्यक्रम में तरह-तरह के करतब दिखाएं।

शक्ति के संग लोक कलाकार नितिन कालेट, सौरभ भट्ट,सुभाष,कालू भट्ट दीपक भाट ने अपनी कलाकारी का प्रदर्शन किया। संगत की शुरुआत करते हुए राजस्थान फॉरम के एग्जीक्यूटिव मेंबर अशोक राही ने कहा की संगत में अब तक 80 से ज्यादा लोक कलाकारों की प्रतिभा को हजारों छात्र-छात्राओं ने देखा और सराहा है।
पीएमटी की महासचिव सुप्रिया शर्मा ने संगत की प्रेरणा के लिए देश के जाने-माने संस्कृतिकर्मी संदीप भूतोडिया, राजस्थान फॉरम के अध्यक्ष और ग्रैमी अवार्ड विजेता पंडित विश्व मोहन भट्ट और कार्यकारी सचिव अपरा कुच्छल को धन्यवाद दिया। इस मौके पर अनेक संस्कृति कर्मी भी मौजूद थे।
